राष्ट्रीय

प्यार की खातिर राजकुमारी ने छोड़ा राजपाट, महल को त्याग छोटे घर में रहेंगी पढ़िए- प्रेम की खूबसूरत कहानी

Arun Mishra
4 Sep 2017 8:31 AM GMT
प्यार की खातिर राजकुमारी ने छोड़ा राजपाट, महल को त्याग छोटे घर में रहेंगी पढ़िए- प्रेम की खूबसूरत कहानी
x
माको और केई की मुलाक़ात तब हुई जब वो दोनों यूनिवर्सिटी में एक साथ पढ़ते थे। जापान के राजघराने के नियमानुसार अगर शाही परिवार का कोई सदस्य किसी आम आदमी से शादी करता है तो उसे राजघराना छोड़ना होता है।
कहते हैं कि प्यार कहीं भी किसी से भी हो सकता है और यह सच भी है कि किसे कब किससे और कहां प्यार हो जाए यह को ई नहीं जानता। ऐसा ही हुआ है जापान की राजकुमारी माको के साथ, जिन्होंने प्यार की खातिर राजपाट त्याग दिया। माको ने रविवार को एक आम युवक से अपनी सगाई की घोषणा की, जिसके बाद उन्हें अपना शाही दर्जा छोड़ना होगा। 25 साल की राजकुमारी माको राजा अकिहीतो की पोती हैं। माको 25 साल के केई कोमुरो से प्यार करती हैं, जो एक लॉ फर्म में जॉब करते हैं।
माको और केई की मुलाक़ात तब हुई जब वो दोनों यूनिवर्सिटी में एक साथ पढ़ते थे। जापान के राजघराने के नियमानुसार अगर शाही परिवार का कोई सदस्य किसी आम आदमी से शादी करता है तो उसे राजघराना छोड़ना होता है। राजपरिवार के अनुसार दोनों का विवाह अगले साल होगा। टेलीविजन पर अपनी सगाई की घोषणा करते हुए माको ने देश को बताया कि वह 'वाकई में खुश' हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस बात से वाकिफ थी कि जब मैं शादी करूंगी तो मुझे अपना शाही दर्जा छोड़ना होगा।
शाही परिवार के सदस्य के तौर पर मैंने हरसंभव सम्राट की मदद और अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। मैं अपने जीवन का आनंद ले रही हूं। उनके मंगेतर केई कोमुरो ने कहा कि उन्होंने तीन वर्ष से अधिक समय पहले राजकुमारी को शादी का प्रस्ताव दिया था। पहले इस सगाई की घोषणा जुलाई में करने की योजना थी, लेकिन उसी महीने देश के दक्षिणी क्षेत्र में भारी बारिश व बाढ़ से तबाह होने के चलते दोनों ने इसे टालने का फैसला किया था।
जापान की रॉयल फैमिली का नियम है कि परिवार का कोई भी मेंबर आम व्यक्ति से रिलेशन नहीं बना सकता। ऐसा करने पर उससे फैमिली से बेदखल कर दिया जाता है। जापान के कई दशकों पुराने कानून के अनुसार, आम नागरिक से विवाह करने पर फैमिली मेंबर को शाही परिवार छोड़ना होता है।
Next Story