राष्ट्रीय

सूडान में आपरेशन 'संकट मोचन' की शुरूआत, जनरल वीके सिंह करेंगे अगुवाई

Special Coverage News
14 July 2016 5:44 AM GMT
सूडान में आपरेशन संकट मोचन की शुरूआत, जनरल वीके सिंह करेंगे अगुवाई
x
सूडान: दक्षिण सूडान में फंसे सैकड़ों भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए विदेश मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के सहयोग से आपरेशन 'संकट मोचन' की शुरूआत किया है।

इस बार भी इस अभियान की अगुवाई विदेश मामलों के राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह कर रहे हैं। वीके सिंह ने कहा कि हम सूडान में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने का हर संभव प्रयास करेंगे। सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए एयरफोर्स के दो सी-17 विमान जूबा के लिए रवाना किए गए।

पिछले वर्ष यमन से 4000 भारतीयों और विदेशी नागरिकों को बाहर निकालने वाले अभियान का सिंह ने सफलतापूर्वक संचालन किया था। संकट मोचन का उद्देश्य लगभग तीन सौ भारतीयों को दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा से सुरक्षित बाहर निकालना है।

सूत्रों के अनुसार हालात को देखते हुए यह अभियान यमन में किए गए आपरेशन से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इसके बारे में ट्विटर पर जानकारी दी है। आपरेशन की अगुवाई मेरे सहयोगी जनरल वीके सिंह करेंगे। स्वराज ने इसके लिए रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर को भी बधाई दी है।

दरअसल, आपरेशन को वायुसेना की एक टीम ही लागू करेगी। लेकिन स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाने व स्थानीय सरकारों से बात करने आदि के लिए विदेश मंत्रालय के कुछ आला अधिकारी साथ होंगे। इसमें सचिव अमर सिन्हा, संयुक्त सचिव सतबीर सिंह और निदेशक अंजनी कुमार भी शामिल होंगे।

जुबा में भारतीय उच्चायुक्त श्रीकुमार मेनन और उनकी टीम के अन्य लोग भी पूरे आपरेशन से जुड़े रहेंगे। बहरहाल, सिर्फ उन भारतीयों को बाहर निकाला जाएगा जिनके पास वैध भारतीय यात्रा दस्तावेज होगा। हर व्यक्ति को सिर्फ पांच किलो सामान साथ ले जाने की अनुमति होगी। महिलाओं और बच्चों को वरीयता दी जाएगी।
Next Story