राष्ट्रीय

पाकिस्तानी मॉडल कंदील बलोच की भाई ने की गला दबाकर हत्या, क्यों की....

Special Coverage News
16 July 2016 10:34 AM GMT
पाकिस्तानी मॉडल कंदील बलोच की भाई ने की गला दबाकर हत्या, क्यों की....
x
पाकिस्तान(मुल्तान): पाकिस्तान की चर्चित मॉडल कंदील बलोच की मुल्तान में हत्या कर दी गई है। कंदील बलोच की उनके ही भाई ने गला दबाकर हत्या कर दी। पाकिस्तानी अखबार के मुताबिक इस घटना को ऑनर किलिंग के तौर पर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह ईद के मौके पर अपने घर गई हुई थीं।

पॉप्युलर सोशल मीडिया सिलेब्रिटी और पाकिस्तानी मॉडल कंदील बलोच अक्सर विवादों में घिरी रहती थीं। 26 साल की कंदील बलोच ऑनर किलिंग की शिकार बनी हैं। पुलिस का कहना है कि शुक्रवार रात को ही कंदील की हत्या कर दी गई थी, कंदील एक हफ्ते से मुल्तान में थीं। मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट शव की जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने यह बताया कि कंदील की हत्या का शक उसके भाई वसीम पर है, जो कि वारदात के बाद से फरार है। जिला पुलिस प्रमुख अजहर अकरम ने बताया कि कंदील की मौत गला घोंटने से हुई है। पुलिस ने यह भी बताया कि कंदील को अपने ही परिवार से मॉडलिंग छोड़ने और सोशल मीडिया से हटने की धमकी मिली थी। कंदील का भाई पहले ही फेसबुक पोस्ट और वीडियो को लेकर उसे धमकी दे रहा था। पिछले हफ्ते ही उनका वीडियो 'बैन' वायरल हो गया था जिसने मूलत: रूढ़िवादी देश पाकिस्तान में विवाद खड़ा कर दिया था।

खबर के अनुसार, तीन सप्ताह पहले कंदील ने गृह मंत्री, फेडरल इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी (एफआईए) के महानिदेशक और इस्लामाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा प्रदान करने के लिए कहा था। अखबार के अनुसार उन्होंने कहा था कि उनका जीवन खतरे में है, उन्हें उनके मोबाइल पर फोन कर धमकी जा रही है और उनके घर में उनकी सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है।

कंदील अपने बोल्ड अंदाज और विवादों में रहने की वजह से अक्सर मीडिया में छाईं रहती थी सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों के कारण मशहूर कंदील के फॉलोअर की संख्या हजारों में थी। इसी साल टी-20 वर्ल्डकप के दौरान अपने बयानों से बलोच काफी सुर्खियों में रही थीं। 19 मार्च को खेले गए टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच एक मैच में विराट कोहली की शानदार बैटिंग की बदौलत टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की थी। उसके बाद ही बलोच ने विराट के लिए ट्वीट किया था 'विराट बेबी अनुष्का शर्मा ही क्यों?' फीलिंग इन लव।' उन्होने कई बार पूर्व क्रिकेटर और विपक्षी नेता इमरान खान के साथ शादी करने की इच्छा जताई थी।

हाल ही में उन्होंने एक मुस्लिम धर्मगुर मुफ्ती कवी के साथ अपनी विवादास्पद तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं। जिसके बाद सरकारी समिति से क़वी को निलंबित कर दिया गया था। यही नहीं धार्मिक मामलों के मंत्रालय ने भी मौलवी और कंदील की इस तस्वीर की निंदा की थी। खबरें यह भी थीं कि वह रियलिटी शो 'बिग बॉस' के 10वें सीजन में नजर आ सकती हैं। कंदील कई महीनों से ट्विटर पर अपने बोल्ड तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर रही थीं। हाल में उन्होंने एक गाना भी ट्विटर पर पोस्ट किया था जिसमें वह बेहद ग्लैमरस अंदाज में ऩजर आ रही थीं।

कंदील ने आखिरी फेसबुक स्टेटस में खुदको बताया 'वन वुमेन आर्मी'
कंदील बलोच ने 15 जुलाई को अपना आखिरी फेसबुक स्टेटस में लिखा था कि उन्हें भले ही कितनी बार भी हराने की कोशिश की जाए लेकिन वह एक लड़ाके की तरह जवाब देंगी। उन्होंने लिखा था कि 'कंदील बलोच वन वुमेन आर्मी है'। कंदील उन लड़कियों के लिए प्रेरणा है जिनके साथ समाज में बुरा व्यवहार किया जाता है।

Next Story