Archived

सिक्किम: चीनी सैनिको ने फिर की घुसपैठ, भारतीय सेना के दो बंकरों को किया तबाह

Kamlesh Kapar
26 Jun 2017 1:47 PM GMT
सिक्किम: चीनी सैनिको ने फिर की घुसपैठ, भारतीय सेना के दो बंकरों को किया तबाह
x
चीनी सैनिकों ने एक बार फिर भारतीय सीमा में घुसपैठ किया है। सिक्किम सेक्टर में घुसे इन सैनिकों ने भारतीय सैनिकों के साथ धक्कामुक्की की और 2 बंकर भी नष्ट कर दिए।
सिक्किम: चीनी सैनिकों ने एक बार फिर भारतीय सीमा में घुसपैठ किया है। सिक्किम सेक्टर में घुसे इन सैनिकों ने भारतीय सैनिकों के साथ धक्कामुक्की की और 2 बंकर भी नष्ट कर दिए। सूत्रों के मुताबिक, डोका ला एरिया में पिछले 10 दिनों से दोनों सेनाएं आमने-सामने हैं। चीनी सैनिकों ने कैलास मानसरोवर की ओर बढ़ रहे भारतीय तीर्थयात्रियों के एक जत्थे को भी रोक दिया है।
चीनी सैनिकों की ताजी घुसपैठ और सीनाजोरी के बीच शीर्ष अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग भी हुई थी। पर 20 जून को हुई इस फ्लैग मीटिंग के बाद भी तनाव कम नहीं हुआ, जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने चीनियों को रोकने के लिए मानव श्रृंखला बना दी है। कुछ सैनिकों ने चीनियों का वीडियो भी बनाया है।
गौरतलब है कि भारत का चीन के साथ सीमा विवाद है और अक्सर चीनी सैनिक भारतीय सीमा में घुसपैठ करते हैं। भारत और चीन के बीच चार हजार किलोमीटर से अधिक लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा तीन सेक्टरों पूर्वी, मध्य और पश्चिमी सेक्टर में बंटी है। पूर्वी सेक्टर में अरुणाचल प्रदेश का इलाका पड़ता है जिसके 90 हजार वर्ग किलोमीटर इलाके पर चीन अपना कब्जा जताता है।
वही मध्य सेक्टर में उत्तराखंड, हिमाचल और सिक्किम हैं। इस इलाके में भी उत्तराखंड के बाराहुती क्षेत्र पर चीन दावा जताता रहा है। पश्चिमी सेक्टर में लद्दाख और अक्साई चिन का इलाका है। चीन ने 1962 की लड़ाई में अक्साई चिन के 38 हजार वर्ग मील इलाके पर कब्जा कर लिया था।
Next Story