Archived

TIME ने 100 प्रभावशाली लोगों की सूची की जारी, पीएम मोदी और विजय शेखर शर्मा शामिल

Arun Mishra
20 April 2017 2:33 PM GMT
TIME ने 100 प्रभावशाली लोगों की सूची की जारी, पीएम मोदी और विजय शेखर शर्मा शामिल
x
नई दिल्ली : टाइम मैगजीन ने आज दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची जारी की है। इस सूची में सिर्फ दो भारतीयों को जगह मिली है। जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा को प्रभावशाली शख्सियतों की लिस्ट में जगह मिली है।

सूची में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन और ब्रिटेेन की प्रधानमंत्री टेरेसा को शामिल किया गया है। लीडर्स की लिस्ट में ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरेसा के बाद पीएम मोदी का नाम दूसरे नंबर पर हैं। वहीं डोनाल्ड ट्रंप का नाम चौथे स्थान पर है।

66 वर्षीय पीएम मोदी का प्रोफाइल लेखक पंकज मिश्रा ने लिखा है। इसमें कहा गया है, जब 2014 में ट्रंप के अमेरिका का प्रेसिडेंट बनने के कयास ही लग रहे थे, तब मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के प्रधानमंत्री बन गए थे। एक बार मोदी को अमेरिका ने वीजा देने से इनकार कर दिया था। भारत में भी राजनीतिक रूप से उन्हें अलग- थलग करने की कोशिश हुई। उन्होंने ट्विटर का सहारा लिया और लोगों से सीधे बात की। उन्होंने भारत को दोबारा महान बनाने का वादा किया।

वहीं, पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में जगह पाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उन्हें टाइटंस कैटेगरी में जगह मिली है। 8 नवंबर, 2016 को भारत में नोटबंदी लागू होने के बाद पेटीएम का नाम देश में सबकी जुबान पर आ गया था। लोगों को पेटीएम की वजह से बड़ी राहत मिली थी। इस दौरान पेटीएम के बिजनेस में कई गुना बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी।

टाइम मैग्जीन की 100 लोगों की इस लिस्ट को 5 कैटेगरी में बांटा गया है। लिस्ट में पायनियर्स, आर्टिस्ट, टाइटंस, लिडर्स और आइकन्स कैटेगरी में लोगों को शामिल किया गया है।
Next Story