Archived

यूपी में जीत के लिए भाजपा अपनाएगी घिनौने हथकंडे: मायावती

Special Coverage news
3 July 2016 12:30 PM GMT
यूपी में जीत के लिए भाजपा अपनाएगी घिनौने हथकंडे: मायावती
x
उत्तर प्रदेश : बहुजन समाज पार्टी से स्वामी प्रसाद मौर्य तथा आरके चौधरी जैसे दिग्गजों के बाहर होने के बाद से पार्टी की मुखिया लखनऊ में काफी सक्रिय हैं। रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब किसी भी कीमत पर उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होना चाहती है।

इसके लिए बीजेपी घिनौने हथकंडे भी अपनाएगी, जैसे दंगे-फसाद तथा धार्मिक उन्माद। केंद्र में यह पार्टी अपने हर वादे में विफल रही है। केंद्र में दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान भाजपा ने एक भी ऐसा काम नहीं किया है, जिससे उसका जनाधार बढ़े।

मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भले ही लोग बीजेपी के झांसे में आ गए हों, लेकिन अब कोई इनके झांसे में नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि मोदी ने कहा था कि देश का काला धन जो विदेशों में जमा है, उसे हम सरकार बनने के सौ दिन के अंदर वापस लाएंगे।

इस बड़ी धनराशि में से 15-15 लाख रुपया गरीबों में बांटा जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब यह कौन सा नया शिगूफा लेकर जनता में जाएंगे, यह भाजपा को सूझ नहीं रहा।

मायावती ने कहा कि जनता को अब सिर्फ उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं कर रही है।

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, अब तो पुलिसवालों की भी हत्या हो रही है। इसके बाद भी भाजपा की केंद्र सरकार तथा गर्वनर समाजवादी पार्टी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं ले रहे हैं। यह इन दोनों की नूरा-कुश्ती है।

मायावती ने भाजपा के बूथ सम्मेलनों और कानून व्यवस्था के सवालों को नाटक बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ के लिए सपा और भाजपा दोनो मिले हुए है।

पार्टी से स्वामी प्रसाद मौर्य तथा आरके चौधरी जैसे बड़े नाम के बाहर होने पर मायावती ने कहा कि आया राम गया राम से बसपा के जनाधार पर कोई प्रभाव नहीं पडऩे वाला है।

पार्टी ने हमेशा से ही जनता का काम किया है। जनाधार वाली पार्टी में ऐसे नेता अपना हित साधने का प्रयास कर रहे थे। परिवारवाद को बढ़ावा देने का उनका प्रयास सफल नहीं हो सका।
Next Story