Archived

रांची में बस दुर्घटना, 10 की मौत कई घायल

Kamlesh Kapar
23 April 2017 12:30 PM GMT
रांची में बस दुर्घटना, 10 की मौत कई घायल
x
रांची : रांची से सटे पिठोरिया घाटी में बस पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गयी। वहीं, इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना आई है। जिन्हें इलाज के लिए रिम्स लाया गया है। जानकारी के मुताबिक यह एक स्कूल बस थी जो नगड़ी प्रखंड के चामा गांव से बारात लेकर पतरातू के भुरकुंडा जा रही थी। हादसे के बाद तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना के अनुसार दो घायलों ने रांची के रिम्स में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण रिम्स प्रशासन भी चौकस है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। घायलों ने बताया कि घाटी में तीखा मोड़ होने के बावजूद भी बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी जिसके कारण बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस चालक के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है।

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पिठोरिया घाटी में हुए बस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों को शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को एक लाख रुपये और घायलों को 20 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।
Next Story