Archived

बीजेपी ने जारी की उत्तर प्रदेश संगठन की सूची, जाने किसको मिली-कितनी जिम्मेदारी

Special Coverage News
13 July 2016 7:11 AM GMT
बीजेपी ने जारी की उत्तर प्रदेश संगठन की सूची, जाने किसको मिली-कितनी जिम्मेदारी
x
उत्तर प्रदेश: विधानसभा चुनाव 2017 को देखते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा ने प्रदेश संगठन की सूची जारी कर दी। यह सूची मंगलवार देर रात जारी की गई है। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य अपनी इस नई टीम के साथ विधानसभा चुनाव की लड़ाई लड़ेंगे। केशव की नई टीम में 15 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, दो कोशाध्यक्ष औरी 15 प्रदेश मंत्री बनाए हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पुत्रों का भी पूरा ध्यान रखा। इस कार्यकारिणी में ज्यादा से ज्यादा जिलों को प्रतिनिधित्व देने के अलावा महिलाओं का भी ख्याल रखा गया है। 41 सदस्यीय कार्यकारिणी में 5 महिलायें भी शामिल की गईं हैं। केशव ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी की टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किया है। कुछ चेहरों को प्रमोशन दिया है तो कुछ नए चेहरे जोड़े हैं।

इस सूची में जातिय समीकरणों और क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा गया है। पिछड़ी जाति से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि नई टीम में भी इसका असर दिखेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

केशव मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह को खुश करने के लिए उनके बेटे राजवीर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर उन्हें खुश करने का प्रयास किया है। बता दें कि केन्द्रीय मंत्रीमण्डल के विस्तार के दौरान कयास लगाए जा रहे थे कि राजवीर को स्थान मिल सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके बाद से कल्याण सिंह नाराज हो गए थे। उनको मनाने के लिए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल जयपुर गए थे।

बाजपेयी टीम में प्रदेश प्रवक्ता रहे विजय बहादुर पाठक को प्रदेश महामंत्री बनाकर उनका प्रमोशन कर दिया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री लालजी टंडन को खुश करने के लिए उनके बेट गोपाल टंडन को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
Next Story