राष्ट्रीय

यशवंत सिन्हा इस वजह से PM मोदी से है नाराज, खुलेआम BJP सरकार पर साधा निशाना

Vikas Kumar
11 Jan 2018 12:15 PM GMT
यशवंत सिन्हा इस वजह से PM मोदी से है नाराज, खुलेआम BJP सरकार पर साधा निशाना
x
यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि वह सरकार में किसी भी व्यक्ति से बात नहीं करेंगे और खुलेआम अपनी बात रखेंगे।

नई दिल्ली : लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे बीजेपी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि वह सरकार में किसी भी व्यक्ति से बात नहीं करेंगे और खुलेआम अपनी बात रखेंगे।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि देश के कुछ मुद्दों को लेकर वह बीते एक साल से पीएम मोदी से मिलने का वक्त मांग रहे थे, लेकिन समय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस घटना से वे आहत हैं, अब मैंने तय कर लिया है कि सरकार में किसी भी व्यक्ति से मुलाकात नहीं करूंगा और सार्वजनिक तौर पर ही अपनी बात रखूंगा।

दरअसल, बुधवार को जबलपुर पहुंचे यशवंत सिन्हा का दर्द खुलकर सामने आया। उन्होंने कहा कि आज की भारतीय जनता पार्टी अटल और आडवाणी की नहीं रह गई है। लालकृष्ण आडवाणी अब भारतीय जनता पार्टी में खास तो क्या आम भी नहीं रह गए हैं।

उन्होंने खुलेआम BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक जमाना था जब बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता किसी भी वरिष्ठ नेता से आसानी से मिल लेता था, क्योंकि उस समय अटल और आडवाणी की कार्यशैली बहुत अलग थी। वह हर कार्यकर्ता को बराबरी का दर्जा देते थे, लेकिन आज वह हालात नहीं रह गए हैं। आज बड़े से बड़ा कार्यकर्ता एक मुलाकात के लिए तरसते रहते हैं।

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमने 2004 से 2014 तक इन 10 सालों में विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस की जिन नीतियों का घोर विरोध किया था आज की सरकार उन नीतियों को लागू कर रही है। FDI को लेकर उन्होंने कहा मैं 15वी लोकसभा का सदस्य था, तब FDI का हमने ख़ूब विरोध किया था। लेकिन आज की सरकार की बुद्धि ज्यादा खुल गई है। और कुछ क्षेत्र में सरकार ने 100 प्रतिशत FDI दे दिया।

इसके साथ ही यशवंत सिन्हा ने कहा देश में किसानों की कोई पूछ नहीं हो रही है। मध्य प्रदेश में भी किसानों के हालात ठीक नहीं हैं। इसके साथ ही भावांतर योजना और प्रदेश में किसानों की हालत पर भी चिंता जाहिर की है।

Next Story