राज्य

बैलेट पेपर से हुआ चुनाव तो तीन में से दो सीटें कांग्रेस ने जीती

Special Coverage News
13 July 2019 5:30 AM GMT
बैलेट पेपर से हुआ चुनाव तो तीन में से दो सीटें कांग्रेस ने जीती
x

उत्तराखंड में श्रीनगर और बाजपुर नगर निकायों में सोमवार के हुए मतदान के बाद आज मतगणना पूरी हुई। श्रीनगर और बाजपुर दोनों ही जगह कमल को पछाड़ पंजे ने पैठ जमाई। वहीं दून और ऋषिकेश दोनों ही जगह कमल खिला।

श्रीनगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा

श्रीनगर पालिका अध्यक्ष पर कांग्रेस कब्जा करने में सफल रही है। पार्टी प्रत्याशी पूनम तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी सरोजनी रावत को 638 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। पूनम को 4413 और सरोजनी को 3775 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी आशा उपाध्याय 2930 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि भाजपा की बागी पूर्णकला जैन 1500 मतों के साथ चौथे स्थान पर रही।

नगर पालिका चुनाव में 23,126 मतदाताओं के सापेक्ष 13 हजार 204 मतदाताओं ने वोट डाले थे। बुधवार को तहसील परिसर में अध्यक्ष पद के लिए दो राउंड में मतगणना हुई। कांग्रेस प्रत्याशी पूनम तिवारी ने शुरुआती दौर में ही वार्ड एक से 447 मत प्राप्त कर बढ़त बना ली।

भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त को कम करने की कोशिश की, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी के ज्यादा मत हासिल करने से भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस से आगे नहीं निकल पाईं। आरओ दीपेंद्र नेगी ने बताया कि अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों में बीना चौधरी को 319 और सीमा भंडारी को 215 मत मिले। 52 मत नोटा के खाते में गए और 456 मत रद्द किए गए।

सभासद पदों पर निर्दलीयों का कब्जा

पालिका चुनाव में सभासद के अधिकांश पदों पर निर्दलीय प्रत्याशियों का कब्जा रहा। 13 वार्डों में से 7 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 4 वार्डों में भाजपा और एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा है, जबकि वार्ड संख्या पांच में भाजपा का प्रत्याशी पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुका था।

वार्ड संख्या एक श्रीकोट तल्ला से निर्दलीय प्रत्याशी संजय कुमार विजयी रहे। संजय कुमार को 410 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के त्रिलोक दर्शन थपलियाल को 235 मत मिले। वार्ड संख्या 2 श्रीकोट मल्ला से निर्दलीय प्रत्याशी विभोर बहुगुणा विजयी रहे। विभोर को 794 मत मिले। इस वार्ड में अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। वार्ड संख्या 3 रेवड़ी कांडई से निर्दलीय प्रत्याशी राकेश सेमवाल जीते। राकेश को 540 व उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी सुनीता देवी को 331 मत मिले। वार्ड संख्या 4 एजेंसी मोहल्ला से भाजपा के अनूप बहुगुणा विजयी रहे।

अनूप को 594 और उनके प्रतिद्वंद्वी संजय बिष्ट को 220 मत मिले। वार्ड संख्या 6 कंसमर्दनी सैंण से निर्दलीय सूरज विजयी रहे। सूरज को 371 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी शिवलाल को 350 मत मिले। वार्ड संख्या 7 गणेश बाजार से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद मैठाणी विजयी रही। विनोद मैठाणी को 413 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अलका पांडे को 153 मत मिले। वार्ड संख्या 8 निरंजनी बाग से भाजपा की प्रमिला देवी विजयी रही। उन्हें 370 मत मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रेखा अग्रवाल को 229 मत मिले। वार्ड संख्या 9 बजीरों का बाग से भाजपा की पूजा गौतम विजयी रही।

उन्हें 367 और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की रामेश्वरी देवी को 196 मत मिले। वार्ड संख्या 10 कमलेश्वर से निर्दलीय उम्मीदवार अनीता देवी विजयी रही। अनीता देवी को 520 और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की राजेश्वरी देवी को 257 मत पड़े। वार्ड संख्या 11 भक्तियाना से निर्दलीय प्रत्याशी हिमांशु बहुगुणा विजयी रहे। उन्हें 572 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुधांशु नौडियाल को 407 मत मिले। वार्ड संख्या 12 डांग ऐठाणा से निर्दलीय प्रत्याशी हरि सिंह मिंया विजयी रहे। मियां को 588 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेंद्र सिंह रावत को 423 मत मिले। वार्ड संख्या 13 उफल्डा से भाजपा प्रत्याशी कविता रावत विजयी रही। उन्हें 501 मत मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी पार्वती देवी को 292 मत मिले। वार्ड संख्या पांच से भाजपा प्रत्याशी विनीत पोश्ती पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए थे।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story