जयपुर

राजस्थान विधानसभा चुनाव परिणाम, इन जिलों में कांग्रेस और इन जिलों में बीजेपी नहीं खोल पाई खाता, देखिये पूरी सूची

Special Coverage News
13 Dec 2018 12:23 PM GMT
राजस्थान विधानसभा चुनाव परिणाम, इन जिलों में कांग्रेस और इन जिलों में बीजेपी नहीं खोल पाई खाता, देखिये पूरी सूची
x

राजस्थान प्रदेश में चुनाव के बाद एक बड़ी अजब बात सामने आई है. जहाँ बीजेपी की सरकार होते हुए कई जिलों में अपना खाता नहीं खोल पाई है। जबकि सत्ता में आई कांग्रेस की सरकार अब बन चुकी है, ऐसे में कई जिलों में अपना खाता भी नहीं खोल पाई है। इन जिलों में बीजेपी और कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है।


कांग्रेस निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले झालावाड़ जिले की झालरापाटन, डग, खानपुर एवं मनोहरथाना चारों विधानसभा क्षेत्र में इस बार कोई जीत दर्ज नहीं कर पाई। इन चारों सीटों पर राजे सहित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं।


पाली जिले की छह सीटों पर भी कांग्रेस को जीत हासिल नहीं हुई और जिले की बाली, जैतारण, पाली, सोजत एवं सुमेरपुर में भाजपा तथा मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय ने बाजी मारी हैं। इसी तरह सिरोही जिले की तीन सीटों में पिंडवाड़ा-आबू एवं रेवदर विधानसभा सीट पर भाजपा तथा सिरोही में कांग्रेस के बागी एवं निर्दलीय उम्मीदवार संयम लोढा ने चुनाव जीता हैं।


इसी तरह दौसा जिले की पांच सीटों में बांदीकुई, दौसा, लालसोट एवं सिकराय चार सीटों पर कांग्रेस एवं महुवा विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव में सफलता पाई हैं। सवाईमाधोपुर जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में भी इस बार भाजपा का खाता नहीं खुला और जिले की बामनवास, खंडार एवं सवाईमाधोपुर में कांग्रेस जबकि गंगापुर में निर्दलीय उम्मीदवार ने चुनाव जीता हैं।


भरतपुर जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के किसी प्रत्याशी ने जीत दर्ज नहीं की और जिले में बयाना, डीग-कुम्हेर, कामां एवं वैर में कांग्रेस एवं जिले की नदबई एवं नगर सीट पर बहुजन समाज पार्टी तथा भरतपुर सीट पर कांग्रेस के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल ने जीती हैं।


सीकर जिले में भी भाजपा खाता नहीं खोल पाई और जिले की आठ सीटों में दांतारामगढ, धोद, फतेहपुर, लक्षमणगढ, नीमकाथाना, सीकर एवं श्रीमाधोपुर सात सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने बाजी मारी जबकि खंडेला में निर्दलीय ने चुनाव जीता। इसके अलावा करौली जिले की चार सीटों में हिंडौन, सपोटरा एवं टोडाभीम में कांग्रेस जबकि करौली में बसपा के उम्मीदवार ने चुनाव जीता हैं।


Next Story