क्रिकेट

अनिल कुंबले किंग्स इलेवन पंजाब के कोच बने, इस पद पर टूर्नामेंट में इकलौते भारतीय

Special Coverage News
11 Oct 2019 9:11 AM GMT
अनिल कुंबले किंग्स इलेवन पंजाब के कोच बने, इस पद पर टूर्नामेंट में इकलौते भारतीय
x
जॉर्ज बेली को बल्लेबाजी, जॉन्टी रोड्स को फील्डिंग और कर्टनी वॉल्श को गेंदबाजी कोच बनाया गया

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब के कोच होंगे। कुंबले न्यूजीलैंड के माइक हेसन का स्थान लेंगे। हेसन को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन में डायरेक्टर बनाया है। कुंबले 2016 से 2017 तक भारतीय टीम के मुख्य कोच थे। किंग्स इलेवन ने उन्हें क्रिकेट से जुड़े सभी मामलों का प्रमुख भी नियुक्त किया। फ्रेंचाइजी के सह-मालिक मोहित बर्मन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। कुंबले कोच पद पर टूर्नामेंट में इकलौते भारतीय हैं।

जॉर्ज बेली होंगे बल्लेबाजी कोच

किंग्स इलेवन के पूर्व कप्तान जॉर्ज बेली टीम के बल्लेबाजी कोच बनाए गए। उनकी कप्तानी में ही टीम 2014 में पहली बार फाइनल खेली थी। पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी को टीम को सहायक कोच नियुक्त किया गया। दक्षिण अफ्रीका जॉन्टी रोड्स को फील्डिंग और वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श को गेंदबाजी कोच बनाया गया।

कुंबले 10 अक्टूबर को प्रेजेंटेशन देंगे

बर्मन ने बताया कि कुंबले टीम मैनेजमेंट के सामने 10 अक्टूबर को प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें वे आगे की तैयारियों को लेकर बात करेंगे। उसी दिन टीम में कप्तान रविचंद्रन अश्विन के भविष्य को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि अश्विन अगले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ जाएंगे।

किंग्स इलेवन की टीम सिर्फ 2008 और 2014 में सेमीफाइनल खेली

किंग्स इलेवन ने लगातार पांचवें सीजन में कोच बदला। इससे पहले 2014 से 2016 तक संजय बांगड़ टीम के कोच थे। बांगड़ के बाद 2017 में वीरेंद्र सहवाग ने कोच पद संभाला। 2018 में ब्रैड हॉज और 2019 में माइक हेसन ने टीम को कोचिंग दी थी। टीम 2014 में अंक तालिका में पहले स्थान पर थी। इसके बाद 2015 और 2016 में आठवें, 2017 में पांचवें, 2018 में सातवें और 2019 में छठे स्थान पर रही। पंजाब की टीम सिर्फ 2008 और 2014 में ही सेमीफाइनल तक पहुंची है।

कुंबले आईपीएल में तीसरी बार किसी टीम के साथ जुड़ेंगे। वे 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खिलाड़ी के तौर पर थे। बाद में उन्होंने टीम की कप्तानी भी की। खिलाड़ी के बाद वे बतौर मेंटर भी टीम के साथ रहे। 2013 में वे मेंटर के तौर पर ही मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। उन्होंने 2015 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story