अलीगढ़

लोकप्रिय जन-प्रतिनिधि पूर्व सांसद शीला गौतम का निधन

Special Coverage News
9 Jun 2019 7:57 AM GMT
लोकप्रिय जन-प्रतिनिधि पूर्व सांसद शीला गौतम का निधन
x

भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर अलीगढ़ से चार बार सांसद रहीं शीला गौतम का कल देर रात निधन हो गया। 88 वर्षीया शीला गौतम स्लीपवेल फोम कंपनी की मालिक भी थीं। शीला गौतम करीब छह महीने से बीमार चल रही थीं। सांस में तकलीफ के कारण उनको दिल्ली में पीएसआरआइ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कल देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से अलीगढ़ में भाजपा नेताओं में शोक छा गया। शीला गौतम का पार्थिव शरीर अभी दिल्ली आवास पर रखा है। सोमवार को दिल्ली में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शीला गौतम की तबीयत अधिक खराब होने पर उनको 16 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शीला गौतम के पिता मोहनलाल गौतम स्वतंत्रता सेनानी थे। वह कई बार जेल जा चुके थे। शीला गौतम ने भी शुरुआती दौर में काफी संघर्ष किया। उन्होंने स्लीपवेल व शीला फोम नामक कंपनी की स्थापना की, स्लीपवैल कंपनी की चेयरपर्सन थीं। जो पूरे देश में प्रसिद्ध हैं।

मूल रूप से गभाना तहसील गांव के वीरपुरा की निवासी शीला गौतम के पिता मोहन लाल गौतम संविधान निमात्री सभा के वरिष्ठ सभा में शामिल थे। अलीगढ़ में उनके नाम पर ही मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय और और अन्य संस्थाओं के नाम रखे गए हैं। वह देश विदेश की प्रतिष्ठित स्लीपवैल गद्दों की कंपनी शीला फोर्म्स लिमिटेड की संस्थापक थीं जिसका टर्नओवर वर्तमान में कई करोड़ रुपये का है। इस कंपनी का आस्ट्रेलिया में भी कारोबार है। वह अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र की 1991 से 2004 तक लगातार तेरह साल तक सांसद रहीं।

फोर्ब्स मैगजीन ने 2018 की सूची में 119 अरबपति भारतीयों की सूची में भारत की आठ महिलाओं ने अपनी जगह बनाई थी। इसमें अलीगढ़ की पूर्व सांसद शीला गौतम का नाम भी शामिल किया था। शीला गौतम देश की आठ महिलाओं में सातवें नंबर पर शामिल थीं। दुनिया की रैंकिंग में शीला गौतम 1999 नंबर पर थीं, इनकी कुल संपत्ति 1.01 अरब डॉलर बताई गई थी।

शीला गौतम 1980 में राजनीति में आ गईं। पहले कांग्रेस में थीं। 1991 में वह भाजपा में आ गईं और पहली बार सांसद बनीं। वर्ष 1996, 98, 99 में लगातार चार बार सांसद रहीं है। शीला गौतम अपने पीछे पुत्र राहुल गौतम, पुत्रवधू नमिता गौतम व पुत्री राजुल गौतम समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद शीला गौतम के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक लोकप्रिय जन-प्रतिनिधि थीं। अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से 4 बार सांसद रहीं शीला जी क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर रहीं। उनके निधन से जनता ने अपना सच्चा हितैषी खो दिया।


Tags
Special Coverage News

Special Coverage News

    Next Story