कानपुर

यूपी में दबंगों ने चलाई महिला पत्रकार पर गोली

Shiv Kumar Mishra
9 Jan 2021 12:59 PM GMT
यूपी में दबंगों ने चलाई महिला पत्रकार पर गोली
x

कानपुर. यूपी में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उनको न तो कानून का डर है और न ही पुलिस का खौफ। ताज़ा मामला काकादेव थानाक्षेत्र का है जहां इलाकाई दबंगों ने एक महिला पत्रकार के घर पर पथराव किया और सरेआम 4 गोलियां भी चला दीं। सूचना पा कर सी.ओ स्वरूप नगर महेंद्र सिंह देवसहित संबंधित थाना क्षेत्र अधिकारी मय पुलिस बल के तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार काकादेव निवासी महिला पत्रकार अंजली सिंह एक स्थानीय दैनिक समाचारपत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि आज शाम को वो अपने पुत्र अर्जुन के साथ कहीं से आ रहीं थी तभी बदनाम चाय वाले के पास इलाकाई दबंग विष्णु ठाकुर ने अपने साथियों सहित उनको रोका और किसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गयी। गुस्से में विष्णु ठाकुर व उसके साथियों ने तमंचा निकाल लिया और अंजली सिंह पर तान दिया। घबराई अंजली सिंह और उनके पुत्र ने किसी प्रकार वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। दबंग विष्णु ठाकुर, अक़ीब, सीमांत, जावेद अली, हर्ष गुप्ता, कार्तिक गुप्ता, ने अपने 15से 20 साथियों समेत उनका घर तक पीछा करके उनके घर पर चढ़ कर पथराव किया और तमंचे से फायरिंग व बम चला दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर चार-5 राउंड गोलियां चलाई गईं थीं और काफी हंगामा भी हुआ था। पत्रकार अंजली सिंह ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय थाने काकादेव में की। सूचना पा कर सी.ओ स्वरूप नगर महेंद्र सिंह देव तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। सी.ओ ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

इसके साथ साथ पुलिस बल ने उपरोक्त अपराधियों के घर मे दबिश देना भी सुरु कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने 2 लोगो को इस मामले में हिरासत में भी लिया था जिनसे पूछताछ जारी है और बाकी के बारे में जानकारी कर गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।

Next Story