नोएडा

नोएडा में बम जैसा फटा बिजली का ट्रांसफॉर्मर, 6 लोग घायल

Shiv Kumar Mishra
18 Jan 2020 3:19 AM GMT
नोएडा में बम जैसा फटा बिजली का ट्रांसफॉर्मर, 6 लोग घायल
x

नोएडा के सेक्टर-62 में बार्कलेज बिल्डिंग के बाहर यूपीपीसीएल के करंट ट्रांसफॉर्मर पैनल बॉक्स में आग लगने से 6 लोग झुलस गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

सेक्टर-74 सुपरटेक कैपटाउन निवासी प्रणव कुमार (28) बार्कलेज के साथ वाली बिल्डिंग में संचालित पाइन लैब्स में काम करते हैं। वह अपने साथी ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी-2 निवासी अविनाश कुमार के साथ दोपहर करीब 12 बजे बिल्डिंग के बाहर चाय पीने के लिए आए थे। उनके साथ बार्कलेज में काम करने वाले दिल्ली के तैमूर नगर निवासी सुमित, गाजियाबाद निवासी विशाल, नोएडा निवासी कपिल और एक अन्य थे। सभी लोग पटरी के पास चाय पी रहे थे। तभी वहां लगे ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट हो गया।

ट्रांसफॉर्मर का गर्म तेल गिरने से सभी घायल हो गए। घायलों पर किसी ने पानी फेंका तो किसी ने कंबल डालकर उनकी जान बचाई। प्रणव और अविनाश को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

थाना सेक्टर 58 के थानाध्यक्ष शावेज खान ने बताया कि बार्कले कंपनी के बाहर लगे ट्रांसफॉर्मर में दोपहर करीब एक बजे आग लग गई और फिर कुछ देर बाद जोर से धमाका हुआ जिससे वहां खड़े कंपनी के छह युवक झुलस गए। खान ने बताया कि झुलसे युवकों को पास के ही फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से पांच युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मर फूंकने के बाद उससे निकला गरम तेल वहां खड़े लोग के ऊपर गिरा जिसकी वजह से वे झुलस गए।

लोग बोले-ऐसा लगा जैसे बम ब्लास्ट हुआ

ट्रांसफॉर्मर के करीब ही चाय की दुकान लगाने वाले बक्शी नाथ ने कहा कि उन्हें लगा कि जैसे कोई बम विस्फोट हुआ हो। मेरे पास से जा रहे एक शख्स का सिर जल रहा था। उसके पीछे एक और शख्स आ रहे थे जिनके स्वेटर में आग लगी हुई थी। हमने तुरंत झुलस रहे लोगों की तरफ पानी फेंका। कंपनी में कैब ड्राइवर राजपाल ने बताया कि जो लोग घायल हुए हैं वो ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़े थे। विस्फोट होने के बाद गर्म तेल उनपर जा गिरा। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Tags
Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story