सीतापुर

यूपी के सीतापुर में महिला कांस्टेबल ने थाने में गोली मारकर की आत्महत्या

Shiv Kumar Mishra
11 Jan 2020 1:25 PM GMT
यूपी के सीतापुर में महिला कांस्टेबल ने थाने में गोली मारकर की आत्महत्या
x

सीतापुर. जनपद के खैराबाद थाने में महिला आरक्षी ने सर्विस पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शनिवार दोपहर हुई घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। एएसपी का कहना है कि आरक्षी दो वर्ष से खैराबाद थाने में तैनात थी। बुलंदशहर की रहने वाली महिला सिपाही के साथ हुई घटना को लेकर गैर जनपद में तैनात आरक्षी पति और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

खैराबाद थाने में घटित हुई घटना करीब डेढ़ बजे की है। बताते हैं कि बुलंदशहर जनपद के बीबीनगर निवासी 26 वर्षीय शोभा चौधरी की बीते दो वर्ष से खैराबाद थाने में तैनाती रही है। एएसपी एमपी सिंह का कहना है कि महिला आरक्षी कार्यालय में ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान उसने मालखाने से पिस्टल निकाकर कनपटी पर गोली मार ली। फायर की आवाज सुनकर थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। एसओ अजय यादव, घायल सिपाही को किसी तरह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पांच मिनट तक चले इलाज के बाद शोभा चौधरी ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर डीएम अखिलेश तिवारी और एएसपी एमपी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। हाल फिलहाल घटना के कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सके हैं। एएसपी एमपी सिंह का कहना है कि शोभा चौधरी के पति आरक्षी पद पर किसी जनपद में तैनात हैं। फिलहाल बुलंदशहर के बीबीपुर निवासी महिला आरक्षी के पिता कुंवरपाल सिंह को घटना से अवगत करा दिया गया है। बताया कि घटना की कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Tags
Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story