विजय रुपानी फिर से चुने गए गुजरात के मुख्यमंत्री, नितिन पटेल होंगे डिप्टी सीएम
पिछले कई दिनों से चल रहे मंथन के बाद आज आखिरकार गुजरात में विजय रूपाणी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। आज गांधीनगर में पार्टी विधायकों की बैठक...
अहमदाबाद : पिछले कई दिनों से चल रहे मंथन के बाद आज आखिरकार गुजरात में विजय रूपाणी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। आज गांधीनगर में पार्टी विधायकों की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। साथ ही नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री चुना गया है।
गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक अरुण जेटली और सरोज पांडे की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के लिए विजय रूपाणी के नाम पर मुहर लग गई है। इससे पहले 5 नेता मुख्यमंत्री पद की रेस में थे जिनमें विजय रूपाणी के अलावा नितिन पटेल, पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया और वजूभाई वाला शामिल थे।
साथ ही इससे पहले तक कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी गुजरात में भी यूपी का फॉर्मूला लागू करने पर विचार कर रही है। दो उपमुख्यमंत्री होने की संभावना जताई जा रही थी जिसमें एक चेहरा गणपत वसावा का माना जा रहा था।
सूत्रों के हवाले से ख़बर है कि सोमवार को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। क्योंकि इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुख्य सचिव ने सरदार पटेल स्टेडियम का भी निरीक्षण किया, लेकिन समारोह के लिए महात्मा मंदिर और साबरमती रिवरफ्रंट के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।