कांग्रेस पर बरसे अमित शाह, बोले- कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को भ्रष्टाचार-गुंडागर्दी में बनाया नंबर-वन
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस की सरकार ने हिमाचल को भ्रष्टाचार-गुंडागर्दी में नंबर-वन बना दिया, उन्होंने कहा देश में जब भी भ्रष्टाचार की चर्चा होती है तो वीरभद्र का नाम सुर्खियों में आता है...
शिमला : हिमाचल विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद से रैलियों का सिलसिला तेज हो गया है। हिमाचल चुनाव में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है, यहां स्टार प्रचारकों का आगमन शुरू हो चुका है।
सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हिमाचल के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के बनीखेत पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
यहां पधर मैदान में पहुचें अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस कोई भी दूध का धुला नहीं है। ऐसा कोई नहीं है जिसने भ्रष्टाचार नहीं किया हो। उन्होंने कहा कांग्रेस कश्मीर में आज़ादी के नारे लगाने वालों का समर्थन करती है, क्या हिमाचल के लोग ऐसी कांग्रेस का समर्थन करेंगे।
रैली में अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि 12 लाख करोड़ के घोटाले करने वाले राहुल गांधी आज बीजेपी से सवाल पूछ रहे हैं। रैली में अमित शाह ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरी सरकारें कर्ज लेती है और विकास विकास करवाती है, लेकिन हिमाचल सरकार ने कर्ज लिए पैसे का गबन किया है। 12 लाख करोड़ रुपए के घोटाले किए गए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश में जब भी भ्रष्टाचार की चर्चा होती है तो मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम सुर्खियों में आता है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार ने हिमाचल को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी में नंबर-वन बना दिया है। हिमाचल में माफियाओं की सरकार चल रही है।
वहीं अमित शाह ने राज्य में अपने विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि हमने 70 मार्गों को हमने नैशनल हाइवे में परिवर्तित किया है। मोदी सरकार ने हिमाचल में सड़क, हाईवे, शौचालय और ट्रेन कनेक्टिविटी हर तरह से विकास सुनिश्चित किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी हिमाचल प्रदेश के हर जिले में देश की रक्षा के लिए शहीद हुए जवानों की स्मृति में पार्क व स्मारक बनवाएगी।