हिमाचल चुनाव LIVE: धूमल, वीरभद्र और अनुराग ठाकुर ने डाला वोट, अब तक 28 फीसदी हुआ मतदान

हिमाचल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई है जो शाम के 5 बजे तक होगी। इस पहाड़ी राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच माना जा रहा है।

Update: 2017-11-09 06:19 GMT

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू हुई है जो शाम के 5 बजे तक होगी। इस पहाड़ी राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के इस विधानसभा चुनाव में 338 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिसमें 19 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं 112 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। सुबह दस बजे तक प्रदेश में कुल 28% फीसद मतदान हुआ है। शिमला में 18 फीसद, मंडी में 16, सोलन में 19, कुल्लू में 12, कांगड़ा में 14, ऊना में 18, बिलासपुर में 15, हमीरपुर में 17, सिरमौर में 20, लाहुल स्पीति में 11 और किन्नौर में 9 फीसद मतदान हुआ।

कांग्रेस और बीजेपी राज्य के सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि बहुजन समाज पार्टी ने 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 14 सीटों पर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) तीन, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) दो-दो सीटों पर चुनाव लड़ रहीं हैं।
वहीं, वीरभद्र सिंह और उनके पुत्र विक्रमादित्य ने शिमला में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बिलासपुर में परिवार सहित मतदान किया। उनके मुताबिक, मतदान को लेकर भाजपा में भारी जोश है। जनता इस बार कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी, जनता को कुशासन से मुक्ति मिलेगी। समीरपुर में बर्फी देवी ने अपना वोट डाला। शिमला के रामपुर में लोगों ने अपना वोट डाला। मंडी में पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम ने मतदान किया। मंडी जिले में अब तक 15.50 फीसद मतदान हुआ। धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने मतदान किया। स्वास्थ्य मंत्री क़ौल सिंह ठाकुर ने द्रंग में मतदान किया। 
हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र ठाकुर परिवार सहित मतदान किया। नाचन हलके से भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार ने भी मतदान किया। कसुंपटी विधानसभा क्षेत्र के तहत मशोबरा के मतदान केंद्र पर 788 में से अभी तक 62 लोगों ने मतदान किया है। 83 वर्षीय परस राम के मुताबिक, हिमाचल में इस बार कांटे की टक्कर है। हिमाचल में 50 लाख से अधिक मतदाता 337 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। पहले यह संख्या 338 थी, लेकिन बड़सर से एक प्रत्याशी की मौत हो चुकी है। प्रदेश में पहली बार सभी सीटों पर वोटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रोल (वीवीपैट) मशीनों का उपयोग होगा।
मतदान के लिए पुख्ता प्रबंध
सुचारू मतदान के लिए प्रदेश भर में 7525 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतों की गिनती गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ ही 18 दिसंबर को होगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। निर्वाचन विभाग भी ऑनलाइन मतदान केंद्रों का पल-पल का हाल जानेगा। प्रदेश में मतदान करवाने के लिए कई चुनाव पार्टियां कई किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंची हैं। 

 21 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां दो किलोमीटर, 20 मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए दो से पांच किलोमीटर व 24 मतदान केंद्रों तक पांच किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर चुनाव पार्टियां पहुंची हैं। मतदान के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी होने पर हेलीकॉप्टर व डॉक्टरों को टीम तैनात की गई हैं। इस चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस ने वीरभद्र सिंह को ही अपना उम्मीदवार बनाया है।

Similar News