कर्नाटक विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली सूची की तय, इनको मिली जगह
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे है सभी पार्टी अपने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है। अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची को शुक्रवार को अंतिम रुप दे दिया है।
बेंगलुरु : कर्नाटक में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे है सभी राजनीतिक पार्टी अपने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही है। अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची को शुक्रवार को अंतिम रुप दे दिया है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष जी परमेश्वर ने यह बात कही।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सुबह पहले दौर की चर्चा की गई। जिसके बाद फिर शाम में विचार विमर्श के बाद पहली सूची को अंतिम रुप दिया गया।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर ने सुबह की बैठक के बाद बताया, 'चयन प्रक्रिया चल रही है। हम उम्मीदवारों को अंतिम रुप देने के लिए शाम में फिर बैठक करेंगे। प्रबल संभावना है कि हम आज पहली सूची को अंतिम रुप दे देंगे।'
सूत्रों के अनुसार, बैठक में 122 वर्तमान कांग्रेस विधायकों, हाल में पार्टी में शामिल हुए सात जद (एस), दो बीजेपी विधायकों और निर्दलीय नेताओं को टिकट देने पर चर्चा हुई है। कर्नाटक विधानसभा की कुल 224 सीटों में से करीब 136 सीटों के लिए कांग्रेस आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
गौरतलब है कर्नाटक में विधानसभा चुनावों में टिकटों के बटवारा कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत पार्टी के 15 वरिष्ठ नेता अपने पुत्र-पुत्रियों के लिए कांग्रेस से टिकट की मांग कर रहे हैं। इस वजह से पार्टी के लिए फैसला करना मुश्किल हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टिकट मांगे हैं। वह तुमकुर जिले की कोराटगेरे विधानसभा क्षेत्र और बेंगलूरू में पुलकेशिंगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाह रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी दो सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। वह मैसूरू जिले में अपने गढ़ चामुंडेश्वरी निर्वाचन क्षेत्र तथा बागलकोटे के बादामी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव मैदान में ताल ठोंकने के पक्ष में हैं।
अब सबकी निगाहें लगी है कि आखिरकार कांग्रेस बड़े नेताओं के दबाव में किसको टिकट मिलता है। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे डॉक्टर यथेन्द्र, गृह मंत्री आर रामलिंगा रेड्डी की बेटी सौम्या रेड्डी, सात बार कोलार के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री केएच मुनियप्पा की बेटी रूपा, कांग्रेस के पूर्व दिग्गज बी शंकरानंद के दामाद सिंधे भीमसेन राव, पार्टी के वरिष्ठ नेता मार्गरेट अल्वा के बेटे निवेदित अल्वा और कुछ दूसरे नेताओं के रिश्तेदार के नाम शामिल है।
आपको बता दें कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 113 है। कर्नाटक में 4.90 करोड़ कुल मतदाता हैं। कर्नाटक में एक ही चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे और 15 मई को वोटों की गिनती होगी। इसी दिन परिणाम का ऐलान भी किया जाएगा।