LIVE: कर्नाटक में 222 सीटों पर वोटिंग जारी, सुबह 9 बजे तक 10.6% हुआ मतदान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की 224 में से 222 सीटों के लिए आज शनिवार को वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक 10.6% वोट डाले गए है। सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों में लोगों की भीड़ देखी जा रही है।

Update: 2018-05-12 05:24 GMT

बेंगलुरु : कर्नाटक विधानसभा चुनाव की 224 में से 222 सीटों के लिए आज शनिवार को वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक 10.6% वोट डाले गए है। सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों में लोगों की भीड़ देखी जा रही है।

कर्नाटक में दो सीटों पर चुनाव टाल दिए गए हैं। कर्नाटक में इस बार तकरीबन 5000 बूथों पर वीवी पैट से जुड़ी ईवीएम और बाक़ी जगहों पर ईवीएम से वोटिंग हो रही है। राज्य के कुल 58008 बूथों में से 12001 को अति संवेदनशील बताया गया है।

वोटिंग शुरू होते ही बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने शिमोगा के शिकारीपुरा पोलिंग स्टेशन पर वोट डाला तो केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने पुत्तूर में वोट डाला। वोट डालने से पहले मीडिया से बात करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, 'आज बहुत शुभ दिन है। हर किसी को बाहर आकर वोट देना चाहिए। येदियुरप्पा ने भाजपा को 140 से 145 सीटें मिलने का दावा किया।

वहीं जेडीएस के मुखिया और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने हासन जिले के होलेनरसिपुरा में वोट डाला। इससे पहले वे जिले के प्रचीन श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। राज्य में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे और चुनाव के नतीजे 15 मई को आएंगे।

मैसूर के शाही परिवार के कृष्णदत्त चमारजा वाडियार ने मसूरु में अपना वोट दिया। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने भी अपना वोट डाला। वहीं टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और कोच अनिल कुंबले ने बेंगलुरु में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद उन्होंने इसकी फोटो ट्वीटर पर शेयर करते हुए लिखा, 'हमने वोट डाला, क्या आपने मतदान किया।'

आपको बता दें कर्नाटक में आज 222 सीटों पर विधानसभा चुनाव होना है। इसमें कई उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। सबसे मुख्य सत्ता के तीन बड़े दावेदारों मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी की किस्मतों का फैसला आज ईवीएम में बंद हो जाएगा।

Similar News