LIVE: रेप के दोषी राम रहीम को दो मामलों में 20 साल कारावास की सजा, 30 लाख का जुर्माना

Update: 2017-08-28 13:57 GMT

रोहतक : साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी करार डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को आज सीबीआई की स्पेशल कोर्ट द्वारा सजा सुनाई गई। कोर्ट ने रेप के दोषी राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई है। जेल के आसपास कड़ी सुरक्षा की गई है। रोहतक को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

गुरमीत राम रहीम को दो अलग अलग मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई गई है। राम रहीम को दोनों मामले में सजा अलग अलग काटनी होगी। एक सजा पूरी होने पर दूसरी सजा शुरू होगी। वहीं दोनों मामले में राम रहीम पर 15-15 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है। इसमें 14-14 लाख रुपए दोनों पीड़ितों को दिए जाएंगे।

वहीं सजा के ऐलान से पहले सिरसा में डेरा समर्थक हिंसक हो गए। उन्होंने सिरसा के पास फुल्का में 2 गाड़ियों में आग लगाई। सिरसा में डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है। सिरसा और रोहतक में कर्फ्यू जारी है। सजा के मद्देनजर हरियाणा पुलिस की रोहतक में पेट्रोलिंग जारी है।

गुरमीत राम रहीम पर सुनवाई के लिए जज जगदीप सिंह पंचकूला से रोहतक हेलीकॉप्टर से पहुंचे थे। रोहतक के सोनारिया जेल के एक रूम में कोर्ट बनाया गया, विशेष कोर्ट में जज, दोनों पक्षों के वकील और राम रहीम सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में मौजूद थे। कोर्ट में दोनों पक्षों के वकीलों को बहस के लिए 10 मिनट का समय दिया गया था।

कोर्ट में पहले सीबीआई के वकील ने राम रहीम को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है। बचाव पक्ष में राम रहीम के वकील ने कोर्ट में सजा पर नरमी बरतने की मांग की। राम रहीम के वकील ने कोर्ट में कहा राम रहीम समाजसेवी है। सजा में नरमी बरतें। वहीं राम रहीम कोर्ट में जज के सामने हाथ जोड़कर खड़े थे, उन्होंने जज से माफ़ी की मांग की। राम रहीम ने जज से कहा मुझे माफ़ कर दें। बहस पूरी होने के बाद जज के सामने रो पड़े राम रहीम। उनसे बोले मुझे माफ कर दीजिए।

कोर्ट ने रहम की अर्जी नामंजूर कर दी और राम रहीम को दो मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई। फैसला सुनने के बाद राम रहीम रोते रोते कोर्ट में ही फर्श पर बैठ गए। राम रहीम बोल रहे थे मैं कहीं नहीं जाऊंगा, मुझे माफ़ कर दीजिए। राम रहीम को जबरन कोर्ट से बाहर ले जाया गया। राम रहीम का मेडिकल चेकअप किया गया। उसके बाद उनको जेल के कपड़े पहना दिए जाएंगे।

कोर्ट ने राम रहीम को आईपीसी की धारा 354, 376, 506, 511 के तहत सजा का ऐलान किया गया। राम रहीम को कैदी नंबर 1997 दिया गया है। राम रहीम के वकील ने कहा सीबीआई कोर्ट के फैसले के खिलाफ वो पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट जाएंगे।

रोहतक के सुनारिया जेल के अंदर और बाहर अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवान मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सेना स्टैंड बाय भी रखी गई है। वहीं रोहतक के एेजी ने जेल के पास उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने ये फैसला लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है।

इससे पहले धारा 144 के बाद भी रोहतक में डेरा समर्थक इकट्ठे हो गए है, जिसमें पुलिस ने सख्ती के साथ 100 डेरा समर्थकों को हिरासत मेें ले लिया था। साथ ही सोनीपत में राम रहीम के डेरे और उसके आस-पास भारी मात्रा में लाठी डंडे और अन्य हथियार बरामद किए गए थे।

राम रहीम की सजा को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के घर की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। कोई अनहोनी न हो इसके लिए बड़ी मात्रा में फोर्स तैनात की गई है। वहीं फैसला सुनाने वाले जजों के घर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Similar News