पंजाब में हाई अलर्ट: साध्वी यौन शोषण केस में गुरमीत राम रहीम पर आज होगा फैसला

Update: 2017-08-16 10:04 GMT

पंजाब : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ साध्वियों के यौन शोषण मामले को लेकर पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में आज सुनवाई हो रही है। इस मामले में कोर्ट आज कभी भी फैसला सुना सकती है। इसके मद्देनजर पूरे पंजाब में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

फैसला आने और राम रहीम के समर्थकों की ओर से किसी तरह की हिंसा की आशंका के मद्देनजर पंजाब में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के डीजीपी सुरेश अरोड़ा केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात करने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं पंजाब सरकार ने केंद्र से 250 अर्धसैनिक बल की कंपनियां मांगी है। इसके साथ-साथ पंजाब पुलिस के जवान हर जगह मुस्तैद कर दिए गए हैं। फैसले के बाद बवाल की आशंका जताई जा रही है।

बता दें हरियाणा के सिरसा के डेरा सच्चा सौदा के बाबा गुरमीत राम रहीम पर वर्ष 2002 में साध्वियों के यौन शोषण के आरोप लगे थे। एक साध्वी ने पत्र के जरिए डेरा प्रमुख पर यौन शोषण सहित कई अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। उसने यह पत्र मीडिया, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और पीएम के नाम जारी किया था। इसके बाद इसकी जांच हाईकोर्ट ने सीबीआई को सौंप दी थी। सीबीआई ने गुरमीत सिंह के खिलाफ विशेष अदालत के समक्ष 31 जुलाई, 2007 को आरोप पत्र दाखिल किया।

Similar News