जालंधर : एक बार फिर पति और पत्नी के बीच रिश्तों की डोर टूटी है, लेकिन इससे भी ज्यादा बुरी बात यह है कि पत्नी के अफेयर के चलते शादी के 14 साल बाद पति ने मौत को गले लगाया। हालांकि पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती दा निशमंदा के कटहरा मोहल्ले में रहने वाले प्रेम टेंट हाउस के मालिक 35 साल के बलविंदर कुमार उर्फ रिंकू ने 12 मई को अपने बेडरूम में सुसाइड कर लिया था। रिंकू ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसकी पत्नी का शेखां बाजार के आर्टिफिशयल ज्वैलरी के व्यापारी रजनीश मल्होत्रा से अफेयर था। इससे तंग आकर वह सुसाइड कर रहा है। रिंकू की पत्नी रजनीश के दुकान में नौकरी करती थी।
मृतक रिंकू के पिता प्रेमनाथ ने बताया कि बेटे रिंकू ने बहू से नौकरी करने मना किया था। जब उसे पता चला कि उसका दुकान मालिक से अफेयर चल रहा है तो वो परेशान हो गया। उसने पत्नी को मना किया तो वह घर छोड़कर चली गई। तीन महीने पहले इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। पुलिस ने बहू को समझाया भी था। थाने में बहू ने पति के साथ जाने से मना कर दिया और मल्होत्रा के साथ चली गई। इस घटना के बाद रिंकू परेशान रहने लगा।