गोरखपुर-फूलपुर लोकसभा सीटों के उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने इन्हें बनाया उम्मीदवार
यूपी में होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए...
गोरखपुर : यूपी में होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए यूपी में इन दो सीटों का उपचुनाव काफी अहम माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने बताया कि पार्टी ने मनीष मिश्रा को फूलपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है और डॉक्टर सुरहिता करीम को गोरखपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है।
दोनों सीट पर पार्टी की रणनीति को लेकर शुक्रवार को पार्टी महासचिव व प्रभारी गुलाम नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर की मुलाकात हुई। जिसके बाद दोनों उम्मीदवारों के नाम पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मंजूरी ली गई।
सुरहिता जानी मानी स्त्री रोग विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने साल 2012 में गोरखपुर के महापौर पद का चुनाव भी लड़ा था, जिसमें वह दूसरे स्थान पर रही थीं।
गौरतलब है कि गोरखपुर सीट को वीआइपी सीट माना जा रहा है क्योंकि यहां सीएम योगी मुख्यमंत्री बनने से पहले लंबे समय तक सांसद रह चुके हैं। वहीं फूलपुर सीट केशव प्रसाद मौर्य के उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद खाली हुई। इन दोनों सीटों पर उपचुनाव के तहत 11 मार्च को वोट डाले जाएंगे।