

बिहार से दर्दनाक घटना की खबर सामने आई है| यहां गया जिले के फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के बड़की ढुब्बा गांव में प्राथमिक विद्यालय भवन में जीविका समूह की चल रही बैठक के दौरान स्कूल भवन की छत टूटकर गिर गया। बता दें कि इसमें दबकर एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया है।
बताया गया है कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे स्कूल भवन में जीविका महिला की समूह की बैठक चल रही थी। इसी दौरान स्कूल का छत टूट कर नीचे गिर गई। छत के गिरे मलबे में चार महिलाएं व एक बच्चा आ गया। इसमें 40 वर्षीय रेणु देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा सहित 3 महिला गंभीर रूप घायल हो गई। घायल महिलाओं में सेंपल देवी पति नंदलाल यादव, मीना देवी पति सरगुन यादव, संजू देवी पति अनोज कुमार और 4 वर्षीय कार्तिक कुमार पिता अनिल कुमार शामिल है। घायलों को इलाज के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया है।
रेणु देवी की मौत के बाद उनके बेटे-बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भी अफरा-तफरी की स्थिति मची रही। स्वास्थ्यकर्मी घायलों के इलाज में जुटे रहे। घायलों को एम्बुलेंस से गया रेफर किया गया।
बताया गया है कि जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं सप्ताह में 10 रुपये जमा कर संसाधन सुविधा उपलब्ध कराने में जुटी रहती है। इसी संबंध में सीएम के साथ जीविका समूह की महिलाओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान यह घटना हो गई।इधर, घटना की सूचना पाते ही पुलिस फतेहपुर अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
