
हत्या कर सड़क किनारे फेंकी लाश, शरीर पर मिले....., 24 दिसंबर से लापता थी महिला

थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की हत्या कर लाश को कटमा गांव स्थित कौआ गाछी (दरभंगा) के नजदीक सड़क किनारे फेंक दिया गया। शनिवार की अहले सुबह लाश को देखते ही गांव में सनसनी फैल गयी। शव को देखने के लिए आसपास गांवों के सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मनीगाछी थाने की पुलिस को दी।
सूचना पाकर घटनास्थल पर दल-बल के पहुंचे थानाध्यक्ष राजनंदन कुमार ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मृतका के शरीर पर कई जगहों पर जख्म के निशान मिले हैं। प्रथमदृष्ट्या ऐसा प्रतीत होता है कि शुक्रवार की देर रात महिला की हत्या अन्यत्र कर शव को इस सुनसान जगह पर फेंक दिया गया है।
मृतका की पहचान उजान पंचायत के अमताही गांव निवासी मंगल मुखिया की पत्नी बिंदु देवी के रूप में की गयी है। उसका मायका बहेड़ा थाना क्षेत्र के उदई गांव में है। वह मोहन मुखिया की पुत्री बतायी जाती है। उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जाती है।
बताया जाता है कि बिंदु देवी गत 24 दिसंबर को अपनी ससुराल से कहीं चली गयी थी। उसके पति मंगल मुखिया ने इसकी जानकारी अपने ससुर उदई निवासी मोहन मुखिया को दी। इसके बाद मृतका के पिता सहित अन्य परिजनों ने उसकी खोजबीन करनी शुरू की।
बिंदु देवी के कहीं नहीं मिलने पर शनिवार की सुबह मोहन मुखिया को इसकी जानकारी देने मनीगाछी थाना पहुंचे। वहां उन्हें एक अज्ञात लाश कटमा कौआ गाछी में होने की जानकारी दी गई। मोहन मुखिया वहां पहुंचे तो उन्होंने अपनी पुत्री की पहचान की। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। थानाध्यक्ष राजनंदन कुमार ने लाश मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
