

बिहार से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर पुर्दिल टोला गांव में एक महिला की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी गई। घायल अवस्था में महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बताया जाता है कि देवापुर गांव निवासी विरेंद्र प्रसाद की पत्नी लखपती देवी अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ गांव में रहती है। पति वीरेंद्र पेशे से होमगार्ड के जवान हैं, जो कुचायकोट थाना में तैनात। इस बीच गांव के ही नामजद लोगों ने महिला के घर लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचे और खेत में बकरी चले जाने के आरोप लगाकर जमकर पिटाई करने लगे। इस दौरान किसी ने महिला की पिटाई का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पिटाई होने से महिला मौके पर ही गिर कर बेहोश हो गई। महिला के बेटे ने तत्काल स्थानीय थाना को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया गया, जहां से डॉक्टर द्वारा स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
