पटना

लालूप्रसाद यादव ने मानी राजद नेता रघुवंश की बात, बिहार चुनाव जीतने का दिया मंत्र

Shiv Kumar Mishra
1 Feb 2020 1:27 PM GMT
लालूप्रसाद यादव ने मानी राजद नेता रघुवंश की बात, बिहार चुनाव जीतने का दिया मंत्र
x

बिहार विधानसभा का चुनाव नजदीक देख राजद का बूथ स्तर पर पार्टी संगठन बनाने और ज्वलंत जन समस्याओं को लेकर शीघ्रातिशीघ्र संघर्ष तेज करने सबंधी रघुवंश प्रसाद सिंह की सलाह पर लालू प्रसाद ने सहमति जताई है। इस मुद्दे दोनों नेताओं ने आज रांची रिम्स में लंबी मंत्रणा की।

रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि संगठन और संघर्ष के बूते ही बिहार का चुनाव फतह करने की लालू प्रसाद ने भी ठानी है। इसके लिए मेरी सलाह के अनुरूप बूथ स्तर की 72 हजार संघर्ष समितियों में 8 लाख कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पार्टी के निवर्तमान उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह आज दोपहर पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की चिंता लेकर उनसे मिलने रिम्स पहुंचे थे। बरामदे पर धूप में लालू-रघुवंश करीब ढाई घंटे साथ बैठे। पौन घंटे दोनों नेताओं के बीच बिहार में आसन्न विधानसभा चुनाव, पार्टी के कई विधायकों के नीतीश-प्रेम, प्रशांत किशोर का नीतीश से बगावत और पार्टी संगठन की मजबूती के लिए पटना में जगदानंद से शुक्रवार हुए विमर्श के संबंध में खुलकर चर्चा हुई।

रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पार्टी कमिटियों के गठन में हुई देरी की बात मानी और चंद दिनों के अंदर गठन को अंतिम रूप दिये जाने का भरोसा दिया है। इसी संदर्भ में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद को चिट्ठी लिखी थी।

लालू से आज मिलनेवाले प्रमुख लोगों में कटोरिया विधायक स्वीटी हेम्ब्रम और बिस्कोमान के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह शामिल रहे। लालू से मंत्रणा के बाद रघुवंश प्रसाद सिंह दिल्ली चुनाव में राजद के चार उम्मीदवारों के लिए प्रचार हेतु नयी दिल्ली रवाना हुए।

बिहार में चुनाव और लालू प्रसाद की जमानत पार्टी के लिए दोहरी चिंता का विषय है। पार्टीजनों को विश्वास है कि अक्टूबर-नवम्बर में अवश्यंभावी चुनाव के पहले लालू प्रसाद के जेल से बाहर आते ही बिहार की राजनीतिक फिजा बदल जायेगी। विपक्षी महागठबंधन को बड़ा बल मिल सकता है। आधी सजावधि पूरी होने पर लालू प्रसाद को जमानत मिलने का मार्ग अक्टूबर मध्य में प्रशस्त हो सकता है।

Related

Tags
Shiv Kumar Mishra

Shiv Kumar Mishra

Next Story