
जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को मारी गई गोली, हालत नाजुक

बिहार की राजधानी पटना में जन अधिकारी पार्टी के नेता को गोली मार दी गई। वारदात पटना के पाटलिपुत्रा थाना क्षेत्र के पाटलिपुत्रा कॉलोनी हाउस नंबर 155 के पास की है। रविवार की देर रात जन अधिकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और होटल मालिक आनंद सिंह उर्फ डब्बू सिंह घर लौट रहे थे, इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है ।
इस घटना के बाद से उनके परिवार वालो का रो-रोकर बुरा हाल है, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पटना सेंट्रल एसपी अंबरिश राहुल ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पड़ताल से पता चला है कि मामला पुरानी रंजिश का है। फिलहाल पुलिस दूसरे एंगेल से भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि पैसे की लेनदेन को लेकर आनंद सिंह पर फायरिंग की गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले पैसों की लेनदेन को लेकर उनका दोस्तों के बीच विवाद हुआ था।
