बिहार

रंगदारी ना देने पर बीमा एजेंट को चाकू से गोदा, पत्नि पर भी किया हमला

Sakshi
25 March 2022 2:27 PM GMT
रंगदारी ना देने पर बीमा एजेंट को चाकू से गोदा, पत्नि पर भी किया हमला
x
बीमा एजेंट अरविंद कुमार को रंगदारी नहीं देने पर चाकू से गोदकर घायल कर दिया गया। 

बिहार से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। बता दें कि यहां मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना के जगन्नाथ पताही में मकान की छत ढलाई करा रहे बीमा एजेंट अरविंद कुमार को रंगदारी नहीं देने पर चाकू से गोदकर घायल कर दिया गया। बीमा एजेंट अरविंद कुमार को उसकी पत्नि मौके पर बचाने पहुंची। इस दौरान आरोपी ने अरविंद की पत्नि पर हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली गई। वारदात को अंजाम देकर सभी हमलावर फरार हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से घायल अरविंद कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें जगन्नाथ पताही के हर्षवर्द्धन कुमार, अभिषेक कुमार व पवन कुमार को नामजद किया है। पुलिस ने आरोपित अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं इस मामले में आवेदन में अरविंद कुमार ने बताया कि 23 मार्च की सुबह नौ बजे मकान की छत की ढलाई करा रहे थे। मौके पर उनकी पत्नी भी थी। इस दौरान तीनों आरोपित आ धमके। हर्षवर्द्धन ने पिस्टल निकालकर उनकी कनपटी पर सटा दी। एक लाख रंगदारी मांगी। इसपर उन्होंने कहा कि वह पहले ही रंगदारी दे चुके हैं। अब दोबारा नहीं देंगे। इस बीच उनकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची। तभी अभिषेक ने चाकू निकालकर अरविंद पर हमला कर दिया। पवन ने उनकी पत्नी का मुंह दबा दिया और गला रेतने की धमकी दी। पत्नी के गले से 75 हजार रुपये की सोने की चेन छीन ली।

बीमा एजेंट अरविंद ने आरोप लगाया है कि दहशत फैलाने के लिए हर्षवर्द्धन ने पिस्टल से हवाई फायरिंग की। आरोपितों ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Next Story