लाइफ स्टाइल

चचेरे भाई का दावा, सुशांत सिंह राजपूत की नवंबर में होनी थी शादी

Arun Mishra
14 Jun 2020 3:10 PM GMT
चचेरे भाई का दावा, सुशांत सिंह राजपूत की नवंबर में होनी थी शादी
x
सुशांत की सुसाइड के पीछे की वजह तलाशी जा रही है। कुछ लोग डिप्रेशन को वजह बता रहे हैं।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड की खबर से फैंस के साथ उनके गांव के लोग काफी दुखी हैं। रिश्तेदारों के बीच मेलजोल बनाकर चलने के चलते उनके परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुशांत की सुसाइड के पीछे की वजह तलाशी जा रही है। कुछ लोग डिप्रेशन को वजह बता रहे हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि सुशांत किस वजह से डिप्रेशन में थे, क्योंकि सुशांत का करियर काफी अच्छा चल रहा है। इसी बीच सुशांत के कजिन भाई (चचेरे भाई) ने चौंकाने वाली बात कही है। सुशांत का गांव बिहार के पूर्णियां जिले का मलडीहा है। यहीं रहने वाले उनके चचेरे भाई पन्ना सिंह ने दावा किया है कि इसी साल नवंबर में सुशांत सिंह राजपूत की शादी होने वाली थी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह शादी किसके साथ होने वाली थी।

सुशांत के भाई पन्ना सिंह ने बताया, 'पिछले सप्ताह चाचा (सुशांत के पिता केके सिंह) से बात हुई थी। करीब 45 मिनट बात हुई थी। उन्होंने कहा सबकुछ ठीक है। सुशांत की नवंबर में शादी है। मुंबई चलना है, तैयारी कर लेना।' पन्ना सिंह ने बताया कि कहीं कुछ भी ऐसी बात नहीं बताई गई थी। अब भैया लोग मुंबई गए हैं। डेड बॉडी रिसीव करेंगे उसके बाद तय होगा दाह संस्कार कहां करना है।

मामा ने की सीबीआई जांच की मांग

इस बीच सुशांत सिंह के एक रिश्तेदार, जो खुद को सुशांत का मामा बता रहे थे, उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कहना चाहता हूं कि सुशांत सिंह कभी आत्महत्या नहीं कर सकता है। मैं इस मामले को लेकर केंद्र सरकार से मांग करना चाहता हूं कि वो देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी से इसकी पड़ताल कराये।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे महाराष्ट्र सरकार पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। वहां मौजूद कई अन्य लोगों ने भी यही कहा कि सुशांत सिंह आत्महत्या कर ही नहीं सकता है।

अकिंता लोखंडे से हुआ था सुशांत का ब्रेकअप

सुशांत सिंह राजपूत का अंकिता लोखंडे के साथ करीब छह साल तक रिलेशनशिप चला था, जिसके बाद उनका ब्रेकअप हो गया था। इस ब्रेकअप के बाद सुशांत ने कहा था कि अंकिता के साथ मेरे रिश्ते और ब्रेकअप के बारे में जानने के लिए अब कुछ बचा नहीं है। मेरे रिलेशन या ब्रेकअप के पीछे मेरी पर्सनल वजह होगी, जिसे मैं ऑफिशयली बताने में विश्वास नहीं रखता। अंकिता लोखंडे से ब्रेकअप के बाद वह काफी टूट गए थे। अंकिता और सुशांत की दोस्ती शो 'पवित्र रिश्ता' के सेट पर हुई थी, दोनों साल 2016 में ही अलग हो गए।

रिया चक्रबर्ती से रिश्ते की बात

पिछले कुछ समय से बॉलीवुड में चर्चा थी कि सुशांत सिंह राजपूत का रिया चक्रबर्ती के साथ अफेयर चल रहा है। हालांकि इस पर दोनों ने कभी कुछ भी नहीं कहा है। इसी साल 11 मार्च को सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रबर्ती साथ में दिखे थे।

Next Story