Archived
शेयर बाजार में सुनामी, 23000 से नीचे आया सेंसेक्स, निफ्टी 7000 के नीचे
Special News Coverage
11 Feb 2016 7:29 PM IST
मुंबई : देश के शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई, प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स दोपहर करीब 3:15 बजे 807.07 अंकों की गिरावट के साथ 22951.83 पर और निफ्टी भी लगभग इसी समय 248.10 अंकों की गिरावट के साथ 6967.00 पर पहुंच गया, सेंसेक्स 22951 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 239 अंकों की गिरावट के साथ 6976 पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का 21 महीने का सबसे निचला स्तर है। साथ ही यह छह महीने में सेंसेक्स की सबसे बड़ी गिरावट भी है।
सरकार ने हालांकि बाजार में गिरावट का दोष वैश्विक कारकों पर मढ़ते हुए कहा कि इस साल सेंसेक्स में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि अन्य बाजार इससे कहीं अधिक टूटे हैं। सर्वकालिक उच्चस्तर से करीब 20 प्रतिशत की गिरावट को मंदड़ियों का दबाव माना जाता है। इससे लगातार गिरावट का संकेत समझा जाता है।
आज के सत्र में आई गिरावट से बंबई शेयर बाजार की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण या मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये घट गया। इस तरह सप्ताह की शुरुआत से अभी तक निवेशकों की पूंजी 7 लाख करोड़ रुपये घट चुकी है। निवेशकों की बाजार के हिसाब से पूंजी अपने सर्वकालिक उच्चस्तर से अब तक 20 लाख करोड़ रुपये घटकर 86 लाख करोड़ रुपये पर आ गई है।
आज शेयर बाजार में जिस तरह से हाहाकार मचा है उसके बाद निवेशकों की हालत खराब है। मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा का कहना है कि भले ही गिरावट से वैल्युएशन कम हो गया हो लेकिन अभी भी सेंटिमेंट खराब हैं, ऐसे में निवेशकों के लिए अभी पैसा लगाना सही नहीं होगा। वहीं निपुण मेहता का भी मानना है कि बाजार में आगे भी गिरावट जारी रहेगी। ऐसे में पैसा लगाने से बचना ही इस वक्त सही रणनीति होगी।
Special News Coverage
Next Story