आर्थिक

शेयर बाजारों पर कोरोना का अटैक, एक मिनट में निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ डूबे

Sujeet Kumar Gupta
28 Feb 2020 5:37 AM GMT
शेयर बाजारों पर कोरोना का अटैक, एक मिनट में निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ डूबे
x
गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 143.30 अंकों की गिरावट के बाद 39,745.66 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45.20 अंक लुढ़ककर 11,633.30 के स्तर पर बंद हुआ।

चीन के बाहर भी कोरोनावायरस की फैलने के चलते वैश्विक बाजार में गिरावट का दौर जारी है। इसकी वजह से निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। लगातार छह दिनों से बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। अमेरिका का शेयर मार्केट 2008 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। डाउ जोंस में एक दिन में सबसे बड़ी 1,191 अंक की गिरावट दर्ज की गई। इसमें चार फीसदी की कमी आई है। दक्षिण कोरिया, इटली और ईरान में भी इस वायरस का प्रभाव देखा गया है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है।

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। दुनिया भर के शेयर बाजारों में हाहाकार मचा हुआ है। सुबह 9:34 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,044.18 अंक यानी 2.63 फीसदी की गिरावट के बाद 38,701.48 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 301.60 अंक यानी 2.59 फीसदी की गिरावट के बाद 11,331.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी और यूरोपीय बाजारों में भारी गिरावट की वजह से शुक्रवार को एशियाई बाजार भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इसका असर भारतीय बाजार पर ऐसा हुआ कि मिनटों में निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

सबसे ज्यादा गिरावट टेक हिंद्रा और टाटा स्टील के शेयरों में देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स के सभी 30 शेयर आज लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं निफ्टी 50 में भी कोई स्टॉक हरे निशान पर कारोबार नहीं कर रहा है।गुरुवार का हाल

गुरुवार का हाल

शुरुआती कारोबार में एक समय सेंसेक्स 440 और निफ्टी 135 अंकों का गोता लगाने के बाद आखिकरकार संभल गया और यह गिरावट बाजार बंद होते-होते काफी कम हो गई। गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 143.30 अंकों की गिरावट के बाद 39,745.66 के स्तर पर बंद हुआ तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45.20 अंक लुढ़ककर 11,633.30 के स्तर पर बंद हुआ। जहां तक दिग्गज शेयरों की बात करें तो आज एनटीपीसी, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, टेक महिंद्रा, रिलायंस इडस्ट्रीज, आईटीसी, इन्फोसिस लाल निशान के साथ बंद हुए। वहीं सन फार्मा, टाइटन, एशियन पेंट, कोटक महिंद्रा बैंक व हिंदुस्तान यूनिलीवर के स्टॉक फायदे में रहे।


Next Story