

राजधानी दिल्ली के मुंडका में एक व्यावसायिक ईमारत में आग लगने की घटना के बाद व्याकुल परिजन अपने प्रियजनों की तलाश में शुक्रवार की रात से कभी अस्पातल तो कभी थाने और कभी घटनास्थल के चक्कर काट रहे हैं। इस घटना में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमों को अंदर कुछ लोगों के अवशेष मिले है। इससे माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़कर 30 तक पहुंच सकती है। फिलहाल रेस्क्यू बंद कर दिया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की ओर से मुंडका अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को 10 -10 लाख रुपए और घायलों को 50 - 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने मुंडका में हुए इस भीषण अग्निकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा।