दिल्ली

प्रियंका गांधी का बेटा पहली बार डाला वोट, किस मुद्दे पर किया मतदान ये भी बताया

Sujeet Kumar Gupta
8 Feb 2020 9:17 AM GMT
प्रियंका गांधी का बेटा पहली बार डाला वोट, किस मुद्दे पर किया मतदान ये भी बताया
x

दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोपहर 2 बजे तक 28.14 फीसदी मतदान हुआ। सुबह हल्की ठंड होने के कारण मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या कम देखी गई थी लेकिन दोपहर होते-होते मतदान करने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। शाहीन बाग में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। इस बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, विदेश मंत्री एस जयशंकर, पूर्व राष्ट्रपति हामिद अंसारी, दिल्ली में मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल, सोनिया गांधी, राहुल गांधी के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी मतदान किया।

दिल्ली के मतदाता आज अपने मतों का प्रयोग कर एक बेहतर दिल्ली का सपना देख रहे हैं। इनमें कई ऐसे वोटर हैं जो पहली बार वोट कर रहे हैं और इससे वह बेहद उत्साहित भी हैं। इन्हीं में एक हैं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान राजीव वाड्रा। रेहान ने पहली बार वोट डाला जिसके बाद वह बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर मैं बेहद खुश हूं।

रेहान जब वोट देकर आए तो वह बोलने से बच रहे थे लेकिन मीडिया के दबाव डालने के बाद उन्होंने बताया कि वह बहुत खुश हैं। सबको अपने मताधिकारों का प्रयोग करना चाहिए। सबको बेहतर ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिले और यह छात्रों के लिए सब्सिडाइज हो।

उन्होंने ये भी कहा कि वह चाहते हैं कि दिल्ली दुनिया की बेस्ट सिटी बने। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने किस मुद्दे पर मतदान किया तो बोले कि मैंने दिल्ली के विकास के लिए मतदान किया है। दिल्ली सबसे अच्छी बने। बता दें कि प्रियंका गांधी लोधी एस्टेट क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ मतदान करने पहुंची थीं।




Tags
Sujeet Kumar Gupta

Sujeet Kumar Gupta

    Next Story