दिल्ली

Toolkit case: दिशा रवि की गिरफ्तारी पर दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को भेजा नोटिस

Arun Mishra
16 Feb 2021 11:27 AM GMT
Toolkit case: दिशा रवि की गिरफ्तारी पर दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को भेजा नोटिस
x
आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने आरोप लगाए हैं कि दिशा की गिरफ्तारी में कानूनी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।

नई दिल्ली : टूलकिट मामले में 21 वर्षीय पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तार पर दिल्ली महिला आयोग ने सवाल उठाए हैं। इस संबंध में आयोग ने दिल्ली पुलिस को एक नोटिस भी भेजा है। आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने आरोप लगाए हैं कि दिशा की गिरफ्तारी में कानूनी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। दिल्ली पुलिस ने रवि को शनिवार को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया था। उनके ऊपर साजिश और राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली महिला आयोग द्वारा दिल्ली पुलिस को भेजे नोटिस में कहा गया है, 'मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिशा को 13-02-2021 को बेंगलुरू से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मीडिया में कुछ कार्यकर्ताओं की तरफ से यह आरोप लगाए जा रहे हैं कि दिल्ली पुलिस उसे बेंगलुरू से दिल्ली बगैर उसके ठिकाने की जानकारी का खुलासा किए ले गई। इस बात की जानकारी उसके माता-पिता को भी नहीं थी।'

वहीं इससे पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त एस. एन. श्रीवास्तव ने कहा कि दिशा रवि की गिरफ्तारी कानून के अनुरूप की गई है, जो 22 से 50 वर्षीय की आयु के लोगों के बीच कोई भेदभाव नहीं करता। श्रीवास्तव ने पत्रकारों से कहा कि यह गलत है जब लोग कहते हैं कि 22 वर्षीय कार्यकर्ता की गिरफ्तारी में चूक हुई। दिशा रवि को तीन कृषि कानूनों से संबंधित किसानों के विरोध प्रदर्शन से जुड़ी टूलकिट सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में गत शनिवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था।


Next Story