दिल्ली

दिल्ली में केजरीवाल हुए कांग्रेस के संग, बीजेपी के लिए सबसे बड़ी मुश्किल हुई खड़ी अब आमने सामने होंगी जंग

Special Coverage News
5 March 2019 6:32 AM GMT
दिल्ली में केजरीवाल हुए कांग्रेस के संग, बीजेपी के लिए सबसे बड़ी मुश्किल हुई खड़ी अब आमने सामने होंगी जंग
x

लोकसभा चुनाव के ऐलान से ठीक पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस में गठबंधन की सुगबुगाहट एक फिर से जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की आज दोपहर होने वाली अहम बैठक में सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लगने की चर्चाएं हैं। बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित भी मौजूद रहेंगी। आधिकारिक ऐलान से पहले गठबंधन को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों दलों में सीटों पर समझौता हो चुका है। अब बस ऐलान भर बाकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में कांग्रेस 3 और आम आदमी पार्टी 3 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के लिए छोड़ी जाएगी। वहीं एक अन्य फॉर्म्युला भी चर्चा में है। इसके अनुसार कांग्रेस 5 और आप 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि अभी ये सब केवल चर्चाएं हैं।

आप को उम्मीद, कांग्रेस संग होगा गठबंधन

बता दें कि आप ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी। इसे कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश माना जा रहा था। आप को उम्मीद थी कि कांग्रेस के साथ गठबंधन हो सकता है। पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना के एयर स्ट्राइक के बाद बदले माहौल ने भी दोनों पार्टियों में गठबंधन की खबरों को हवा दे दी है।

3+3+1 फॉर्म्युले पर बन गई बात?

बता दें कि आप लंबे अरसे कांग्रेस के साथ गठबंधन करने पर जोर दे रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तो यहां तक कह चुके थे कि हम तो तैयार हैं लेकिन कांग्रेस इसके लिए तैयार नहीं है। अब बदले माहौल के बाद कांग्रेस की तरफ से गठबंधन को लेकर गंभीर चर्चा शुरू होने की खबरें हैं। हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ के अनुसार कांग्रेस और आप के बीच समझौता हो गया है। टाइम्स नाउ के अनुसार 3+3+1 डील फाइनल हो चुकी है। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के लिए छोड़ा गया है। इस एक सीट पर यशवंत सिन्हा के लड़ने की खबरें हैं।

शीला ने कहा था, अकेले लड़ेंगे चुनाव

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने हाल के कई बयानों में कहा था कि कांग्रेस दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता और नेता भी अकेले चुनाव लड़ने की ही वकालत कर रहे थे। लेकिन आज की बैठक के बाद गठबंधन पर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

पंजाब में भी गठबंधन की खबरें

सूत्रों के अनुसार आप दिल्ली ही नहीं बल्कि पंजाब में भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती है। सूत्रों ने बताया कि पंजाब की 13 सीटों में से आप ने 4 सीटों पर लड़ने की इच्छा जताई है और बाकी सीटें उसने कांग्रेस के लिए छोड़ने का प्रस्ताव दिया है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राहुल गांधी यूपी में गठबंधन को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक एसपी-बीएसपी के प्रस्ताव पर पार्टी इस बैठक में चर्चा कर सकती है।

आप ने 6 उम्मीदवारों की कर दी है घोषणा

आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दिल्ली की कुल 7 सीटों में से 6 पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया था। दूसरी तरफ वेस्ट दिल्ली सीट के लिए कैंडिडेट घोषित न करके, आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को जिंदा रखने के भी संकेत दिए थे। आम आदमी पार्टी ने नई दिल्ली संसदीय सीट से बृजेश गोयल को कैंडिडेट बनाया है। ईस्ट दिल्ली से आतिशी मर्लिना, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से दिलीप पांडेय, साउथ दिल्ली से राघव चड्ढा, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से गुगन सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

Next Story