दिल्ली

दिल्ली चुनावी रण में योगी आदित्यनाथ की हुई इंट्री, शाहीन बाग को किया टारगेट

Sujeet Kumar Gupta
1 Feb 2020 10:45 AM GMT
दिल्ली चुनावी रण में योगी आदित्यनाथ की हुई इंट्री, शाहीन बाग को किया टारगेट
x
शाहीन बाग प्रदर्शन को लेकर योगी ने कहा, ‘आम जनजीवन को ठप किया है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

राजधानी दिल्ली में जारी चुनावी दंगल में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से आक्रामक प्रचार किया जा रहा है. बीजेपी की ओर से दिल्ली में प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की फौज उतारी जा रही है और इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी दंगल में उतर गये है। योगी आदित्यनाथ ने आज करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव प्रचार की शुरुआत की। इस दौरान तमाम मुद्दों पर केजरीवाल और आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए उन्होंने शाहीन बाग की भी चर्चा की और वहां डेढ़ महीने से प्रदर्शन पर बैठे लोगों पर निशाना साधा।

योगी आदित्यनाथ ने सीएए को लेकर कहा, 'नागरिकता कानून के नाम पर गुमराह किया है।' शाहीन बाग प्रदर्शन को लेकर योगी ने कहा, 'आम जनजीवन को ठप किया है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। यह आंदोलन भारत के खिलाफ है और देश की छवि धूमिल करने का प्रयास है। इससे किसी भारतीय नागरिक को दिक्कत नहीं है। केजरीवाल बताएं कि उनकी प्रतिबद्धता दिल्ली के प्रति होनी चाहिए या पाकिस्तान के प्रति, पाकिस्तान का मंत्री दिल्ली के चुनाव में केजरीवाल के समर्थन में बोलता है, क्या लगता है, इनके तार कहां तक जुड़े हैं। यह तो देश के साथ गद्दारी है।'

उन्होंने कहा कि शाहीन बाग का धरना इस बात को लेकर है कि भारत दुनिया में एक ताकत के रूप में कैसे उभर रहा है। उनकी चिढ़ ये है कि इनके पूर्वजों ने भारत के टुकड़े कर दिए थे, लेकिन आज भारत एक भारत श्रेष्ठ भारत कैसे बन रहा है। इनके पूर्वजों ने भारत की आन बान शान के साथ हमेशा खिलवाड़ किया है। आज आतंकवादियों को बिरयानी नहीं खिलाई जा रही है। बिरयानी खिलाने का शौक या तो कश्मीर के अंदर कांग्रेस को था या फिर बिरयानी खिलाने का शौक शाहीन बाग जैसी घटनाओं में केजरीवाल को है।

योगी ने शाहीन बाग का जिक्र करते हुए लोगों से पूछा कि आप शाहीन बाग चाहते हो या दिल्ली की सुख समृद्धि। उन्होंने कहा मैं दिल्ली में यही समझाने आया हूं कि किस तरीके से मोदी सरकार ने और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मिलकर राम मंदिर का रास्ता साफ कर दिया है। नागरिकता कानून को लेकर जिस तरीके से लोगों को भ्रमित किया जा रहा है, वह देश के लिए अच्छा संदेश नहीं है।

योगी ने कहा कि ये लोग नारे तो महिला सशक्तिकरण के लगाते थे, लेकिन इसी दिल्ली के अंदर नैना साहनी हत्याकांड भी होता था और तंदूर कांड भी होता था। 1952 में जब कांग्रेस ने छल कपट के चलते धारा 370 को देश के संविधान का हिस्सा बनाया था तो बाबा साहेब ने भी विरोध किया था। तब उन्होंने कहा था कि धारा 370 देश के अंदर विवाद का कारण बनेगी।

योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए आगे कहा, 'अपना उपचार कराने बेंगलुरु के किसी नेचुरोपैथी सेंटर में 10-15 दिन पड़ा रहता है लेकिन दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करता है। जितने भी राजनीतिक ब्लैकमैलर्स हैं, वे आम आदमी पार्टी में हैं। कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। करावल नगर और मुस्तफाबाद की सड़कों को देखकर ताज्जुब हुआ कि क्या यही दिल्ली है। हम दिल्ली से मेरठ तक रैपिड रेल बनाना चाहते हैं। केंद्र सरकार और यूपी सरकार ने पैसा दे दिया। केजरीवाल सरकार कहती है कि पैसा नहीं है। इन्हें शाहीन बाग चाहिए। दिल्ली की जनता को अच्छी सड़क और अच्छा पानी नहीं चाहिए.. आपको अच्छी सड़क, पानी चाहिए या शाहीन बाग?'


Tags
Sujeet Kumar Gupta

Sujeet Kumar Gupta

    Next Story