

गुजरात के राजकोट में शुक्रवार अल सुबह एक निजी कोविड अस्पताल में भीषण आग लगने से पांच मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई अन्य मरीज भी झुलस गए, उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग का कारण अभी पता नहीं चल सका है।
यह दर्दनाक घटना राजकोट के मावड़ी इलाके में स्थित शिवानंद अस्पताल के आईसीयू में हुई। कोविड अस्पताल होने की वजह से अस्पताल के आईसीयू में 11 मरीज भर्ती थे। इन्हें मिलाकर अस्पताल में कुल 33 मरीज भर्ती थे। कई मरीज आग की ऊंची लपटों में घिरकर झुलस गए।
उन्हें घायल अवस्था में दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि आग की शुरुआत अस्पताल के आईसीयू से हुई थी।
Gujarat: Five people died after a fire broke out at Shivanand COVID Hospital in Rajkot, last night.
— ANI (@ANI) November 27, 2020
CM Vijay Rupani has ordered a probe into the incident. The cause of the fire is yet to be ascertained. pic.twitter.com/aRXrGrD3NQ
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, 'राजकोट के एक अस्पताल में आग लगने से जानमाल के नुकसान से बेहद दुखी हूं। मेरी सांत्वना उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रहा है।'
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए है। वहीं अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने और अन्य कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।