गुजरात

सीएए पर केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी ने कांग्रेस पर कसा तंज बोले-जिसे वंदे मातरम....?

Sujeet Kumar Gupta
19 Jan 2020 6:02 AM GMT
सीएए पर केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी ने कांग्रेस पर कसा तंज बोले-जिसे वंदे मातरम....?
x

गुजरात। शनिवार को केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी गुजरात के सूरत पहुंचे जहां उन्होंने कांग्रेस पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है। सारंगी ने कहा कि देश भर में आग भड़काने वाले देशभक्त नहीं हैं। जो लोग भारत की स्वतंत्रता, एकता, वंदे मातरम को स्वीकार नहीं करते, उन्हें इस देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को नागरिकता कानून लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार मानना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि नागरिकता कानून की वजह से अब पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न का सामना करने वाले ऐसे हिंदू, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध और ईसाइयों को भारत की नागरिकता मिल सकेगी।

सारंगी ने कहा कि नागरिकता कानून लाकर कांग्रेस द्वारा किए गए विभाजन के पाप का प्रायश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि सीएए को 70 साल पहले ही लाया जाना चाहिए था। दरअसल, यह कानून हमारे पूर्वजों द्वारा किए गए पाप का प्रायश्चित करने का एक तरीका है। कांग्रेस ने पाप किया और हम प्रायश्चित कर रहे हैं।

सितंबर में भी सारंगी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के विरोध पर इसी तरह की टिप्पणी की थी। ओडिशा की एक सभा में सारंगी ने कहा था कि जब भाजपा के विरोधी दलों ने भी अनुच्छेद 370 खत्म करने के फैसले का समर्थन किया, तो कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा था कि अमित शाह ने कांग्रेस को स्पष्ट कह दिया है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) भी भारत का हिस्सा है। जो वंदे मातरम नहीं मानते, उन्हें भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

दो बार विधायक रह चुके हैं, अब बने सांसद

बतादें कि पहली बार सांसद बने ओडिशा के प्रताप सारंगी को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उन्हें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में राज्य मंत्री के साथ ही पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्रालय में भी राज्य मंत्री का दायित्व मिला है।

सारंगी पहली बार 2004 और दूसरी बार 2009 में नीलगिरी से विधायक बने। उन्होंने 2014 में भाजपा की तरफ से बालासोर से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। भाजपा ने उनपर 2019 में भी भरोसा दिखाया और दोबारा टिकट दिया। इस बार उन्होंने बीजू जनता दल के उम्मीदवार और मौजूदा सांसद रवीन्द्र कुमार जेना को 12,956 वोटों के अंतर से हरा दिया।

Tags
Sujeet Kumar Gupta

Sujeet Kumar Gupta

    Next Story