Archived

जानिए- कौन हैं विजय रूपाणी कैबिनेट में इकलौती महिला मंत्री विभावरी दवे

Arun Mishra
26 Dec 2017 1:55 PM IST
जानिए- कौन हैं विजय रूपाणी कैबिनेट में इकलौती महिला मंत्री विभावरी दवे
x
बता दें कि विजय रूपाणी की कैबिनेट में 19 मंत्री शामिल हुए हैं,जिनमें ये इकलौती महिला मंत्री हैं.
अहमदाबाद : विजय रुपाणी ने आज मंगलवार को दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गवर्नर ओपी कोहली ने उन्हें गुजराती में शपथ दिलाई। साथ ही उपमुख्यमंत्री पद पर नितिन पटेल ने भी शपथ ली। गुजरात में आज बीजेपी की नई सरकार के 18 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है। वहीँ, विजय रूपाणी कैबिनेट में इकलौती महिला मंत्री विभावरी दवे ने शपथ ली है।

जानिए- कौन हैं विभावरी दवे
विभावरी दवे ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखती हैं। गुजरात में हुए 14वें विधानसभा चुनावों में विभावरी दवे भावनगर (पूर्व) विधानसभा सीट से विधायक बनी हैं। वहीं इससे पहले राज्य में हुए 12वें और 13वें विधानसभा चुनावों में विभावरी ने भावनगर (उत्तर) से जीत हासिल की थी। उन्होंने रूपाणी सरकार में राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।

रूपाणी सरकार में शपथ लेने वाली वो इकलौती महिला मंत्री हैं। विभावरी भावनगर की पहली महिला मेयर भी रह चुकी हैं। साथ ही वो विजय रूपाणी की पिछली सरकार में संसदीय सचिव के पद पर रह चुकी हैं। विभावरी वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए सामाजिक संगठन की भी संस्थापक हैं।

बता दें कि विजय रूपाणी की कैबिनेट में 19 मंत्री शामिल हुए हैं जिनमें वो इकलौती महिला मंत्री के साथ-साथ इकलौती ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखने वाली मंत्री भी हैं। उनके अलावा मंत्री बनने वाले 6 पाटीदार, 6 ओबीसी, 3 आदिवासी, 2 राजपूत, 1 जैन और 1 दलित हैं।



शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन

शपथ ग्रहण समारोह में कई केंद्रीय मंत्रियों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही संतों और विभिन्न धर्मों के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया था। साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत 18 राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। कहा जा रहा देश के 29 राज्यों में से 18 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाने के पीछे मकसद यही बताना है कि पूरे देश में बीजेपी और उनके सहयोगियों को कितना जनसमर्थन प्राप्त है।

Next Story