हरियाणा

विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में बीजेपी ने बदला प्रदेश अध्यक्ष, मोहन लाल बडौली को मिली जिम्मेदारी

Special Coverage News
9 July 2024 12:10 PM GMT
विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में बीजेपी ने बदला प्रदेश अध्यक्ष, मोहन लाल बडौली को मिली जिम्मेदारी
x
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है।

विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। बीजेपी ने मोहन लाल बडोली को हरियाणा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। हरियाणा भाजपा के विधायक मोहन लाल बडोली को मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी है।

वर्तमान में मोहन लाल बडौली हरियाणा की राई विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह शुरू से ही भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं और संघ में भी काम किया है। वर्ष 1995 में मोहन लाल बडौली को मुरथल का मंडल अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद वह जिला परिषद के लिए चुने गए थे।

2019 में मोहन लाल बडौली ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वह राई विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर जीतने वाले पहले नेता हैं। मोहन लाल बडौली 1989 में ही संघ से जुड़ गए थे।

मोहन लाल बडौली का जन्म 1963 में हरियाणा के सोनीपत जिले के बडौली गांव में हुआ था। मोहन लाल ने अपनी पढ़ाई भी सोनीपत से ही पूरी की है। इसके बाद वह एक कपड़ा मार्केट में दुकान चलाने लगे। 1989 में आरएसएस में शामिल हुए और उसके बाद भाजपा में शामिल हो गए। जब हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल का राज हुआ करता था, उस दौरान मुरथल से जिला परिषद का चुनाव जीतने वाले वह पहले भाजपा नेता थे।

विधायक चुने जाने के बाद मोहन लाल को 2020 में बीजेपी ने सोनीपत का जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इसके बाद 2021 में उन्हें प्रदेश महामंत्री भी बना दिया गया। यानी 2021 में ही मोहन लाल बडौली को बीजेपी हरियाणा की कोर टीम में शामिल कर लिया गया था।

Next Story