सोनीपत

#UPDATE हरियाणा: केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटा, 4 की मौत 34 घायल, 5 लापता, 4 और फैक्ट्रियों में भी लगी आग

Shiv Kumar Mishra
29 Feb 2020 5:10 AM GMT
#UPDATE हरियाणा: केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटा, 4 की मौत 34 घायल, 5 लापता, 4 और फैक्ट्रियों में भी लगी आग
x

बहादुरगढ़. बहादुरगढ़ के एमआई औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 3 बजे केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटने से 4 श्रमिकों की मौत हो गई। 34 लोग घायल हो गए। धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की 4 फैक्ट्रियों को भी चपेट में ले लिया। साथ लगती फ्रीजर बनाने की फैक्ट्री का भी कंप्रेसर फटने की बात सामने आई है।

चारों फैक्ट्रियों की बिल्डिंग गिर जाने से मलबे में करीब 5 लोगों के दबे होने की आशंका है। फैक्ट्री मालिक भी लापता है। राहत कार्यों के लिए डीसी जितेंद्र दहिया ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। फैक्ट्रियों में छोटे-छोटे कमरों में रह रहे मजदूरों के परिवार भी इस हादसे में घायल हो गए। इनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्रियों के शेड 500 मी. दूर तक जाकर गिरे।


आग पर काबू पाने के लिए बहादुरगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम की 13 दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। रात करीब 11 बजे तक सभी फैक्ट्रियों में आग पर काबू पा लिया गया था। शवों के बुरी तरह जलने की वजह से देर रात तक उनकी पहचान नहीं हो पाई। घायलों का सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।



कई कारों के शीशे टूटे, फैक्ट्रियों की दीवारों में आ गईं दरारें

केमिकल फैक्ट्री में करीब 17 कर्मचारी काम कर रहे थे। फ्रीजर फैक्ट्री में 9 कर्मचारी थे। इन फैक्ट्रियों में मजदूरों के लिए छोटे-छोटे कमरे भी बनाए हुए थे। इनमें उनके परिवार रह रहे थे। धमाका इतना भयंकर था कि 500-700 मीटर के दायरे में फैक्ट्रियों व गलियों में खड़ी कारों के शीशे भी टूट गए। कई फैक्ट्रियों की बिल्डिंग में दरारें आ गईं। डीसी जितेंद्र दहिया व डीआईजी अशोक मौके पर पहुंचे। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रु. की सहायता व घायलों को मुफ्त इलाज की घोषणा की गई है।



सुरक्षा के इंतजाम नहीं: औद्योगिक क्षेत्र में 250 व 500 गज के प्लाॅटों में अवैध तरीके से बिना संसाधन फैक्ट्रियां चल रही हैं। बहुत सी फैक्ट्रियों के नाम तक के साइन बोर्ड नहीं लगे। यहां पर आपदा प्रबंधन के भी इंतजाम नहीं है।

Next Story