कांग्रेस दीमक की तरह, इसे जड़ से सफाया करने की जरूरत- पीएम मोदी
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से पहले चुनाव प्रचार अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान सूबे की फिजाओं में गिरते तापमान के बीच सियासी पारा हर दिन ऊपर चढ़ रहा है। आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के लिए जनता से वोट की अपील करने हिमाचल पहुंचे। यहां कांगड़ा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, हिमाचल में कांग्रेस कहीं दिख नहीं रही, उन्होंने तो पहले ही मैदान छोड़ रखा है।
जनसभा में नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की जय-जयकार हो रही है, इसका कारण मोदी नहीं बल्कि सवा सौ करोड़ हिन्दुस्तानी हैं। इन्हीं हिन्दुस्तानियों ने 30 साल के बाद भारत में पूर्व बहुमत वाली सरकार को विजयी दिलाई है। उन्होंने कहा कि अगर टूटी-फूटी सरकार बनी भी होती तो दुनिया उसे स्वीकार नहीं करती। पीएम मोदी ने कहा कि अगर देश में हिमाचल का गुणगान करवाना है तो बीजेपी को तीन चौथाई बहुमत देकर विजयी बनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच सड़ी हुई है और आने वाली पीढ़ियों में भी वही सोच आगे जाने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जबतक सजा नहीं दे जाए तब तक वह सुधरने वाली नहीं है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में दीमक लगी हुई है जिसे जड़ों तक साफ किए बिना हिमाचल का विकास संभव है। उन्होंने कहा, 'हिमाचल को बिमारियों से दूर करने के लिए कांग्रेसरूपी दीमक को हिमाचल की जड़ों से निकालकर फेंकना जरूरी है।'
पीएम मोदी ने यहां कहा, 'अगर कांग्रेस सोचती है कि मोदी के पुतले फूंकने से मोदी डर जायेगा तो कांग्रेस गलतफहमी में है। मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ता रहेगा।' इसके साथ ही उन्होंने कहा, जनता के साथ अन्याय करने वालों को, जनता के हितों से खिलवाड़ करने वालों को जनता भस्म कर देती है और ये हिमाचल के चुनाव में दिख रहा है।