Archived

हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन? ...इन चेहरों पर है बीजेपी की नजर

Arun Mishra
19 Dec 2017 6:56 AM GMT
हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन? ...इन चेहरों पर है बीजेपी की नजर
x
पर्यवेक्षक के तौर पर निर्मला सीतारमण और नरेंद्र सिंह तोमर शिमला जाएंगे...
नई दिल्ली : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार सत्ता पर काबिज हो गयी है। एक तरफ जहां गुजरात में बीजेपी ने फिर वापसी की है वहीं हिमाचल में कांग्रेस को सत्ता से हटाकर काबिज हुई है। सबसे दिलचस्प बात ये है कि हिमाचल में बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार प्रेम कुमार धूमिल चुनाव हार गए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल बनता है कि हिमाचल का मुख्यमंत्री कौन होगा?

इन नामों पर हो रही है चर्चा?
प्रेम कुमार धूमिल के चुनाव हारने के के साथ ही पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष और कद्दावर नेता सतपाल सिंह सत्ती भी चुनाव हार गए। धूमल के समधी, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के ससुर और पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर भी चुनाव हार गए। तीनों की हार ने बीजेपी आलाकमान की चिंता को बढ़ा दिया है कि अब मुख्यमंत्री का ताज किसके सिर दिया जाए।

चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी संसदीय दल की बैठक हुई जिसमें तय किया गया कि हिमाचल प्रदेश में नवनिर्वाचित विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शिमला जाएंगे। इसके साथ ही सीएम पद के लिए नए नामों पर अटकलें तेज हो गई हैं। तीन हार गए ऐसे में अब तीन नये मैदान में हैं। सीएम के संभावित उम्मीदवारों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के अलावा सिराज से चुनाव जीतने वाले जयराम ठाकुर और संघ प्रचारक अजय जामवाल का नाम चर्चा में है।

जगत प्रकाश नड्डा -
मुख्यमंत्री के दौड़ में फिलहाल सबसे आगे जगत प्रकाश नड्डा का नाम है। जेपी नड्डा नरेंद्र मोदी सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हैं। 57 साल के नड्डा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए पहली बार चुने गए थे। 1998 में दोबारा जीतने पर राज्य में स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए। एबीवीपी से जुड़े रहने वाले नड्डा की न सिर्फ संगठन पर पकड़ है बल्कि हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं का मूड भांपने में भी वो माहिर हैं। हालांकि, प्रेम कुमार धूमल और उनके सांसद बेटे अनुराग ठाकुर से उनके रिश्ते तल्ख हैं।

जयराम ठाकुर -
दूसरा नाम जयराम ठाकुर का है। जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं। 52 साल के ठाकुर राजपूत समुदाय से आते हैं। बीजेपी की पूर्व सरकार में मंत्री रह चुके हैं। मंडी विधानसभा से चुनाव जीतते रहे हैं और संगठन से लेकर आम जनता तक इनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।

अजय जामवाल -
तीसरा नाम मंडी जिले के निवासी अजय जामवाल का है। अजय जामवाल संघ के नेता हैं और संघ प्रचारक के तौर पर 35 वर्षों का अनुभव है। फिलहाल उत्तर-पूर्वी राज्यों के प्रभारी जनरल सेक्रेटरी हैं। जामवाल बूथ लेवेल तक बीजेपी और आरएसएस के बीच तालमेल बैठाने में माहिर माने जाते हैं।
Next Story