राष्ट्रीय

विश्व में 20 करोड़ महिलाओं का हुआ खतना, यूनीसेफ की रिपोर्ट में दावा

Special News Coverage
5 Feb 2016 9:04 AM GMT
विश्व में 20 करोड़ महिलाओं का हुआ खतना, यूनीसेफ की रिपोर्ट में दावा
संयुक्त राष्ट्र

विश्वभर में कम से कम 20 करोड़ ऐसी लड़कियां और महिलाएं हैं जिनका खतना किया गया है। इनमें से आधी लड़कियां और महिलाएं मिस्र, इथोपिया और इंडोनेशिया में रह रही हैं। संयुक्त राष्ट्र के बाल कोष यूनीसेफ की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है।


महिला खतना के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ अंतरराष्ट्रीय दिवस से पहले यूनीसेफ की जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि महिला खतने के मामलों के लिहाज से विश्व में सोमालिया, गिनी और जिबूती में सबसे अधिक खराब स्थिति है जहां ऐसे मामलों की संख्या सर्वाधिक है । लेकिन करीब 30 देशों में इसकी समग्र दर में गिरावट आई है।


संयुक्त राष्ट्र ने अपने नए विकास एजेंडे के तहत महिला खतने की कुप्रथा को समाप्त करने के लिए वर्ष 2030 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है और वह इस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है। इस एजेंडे को संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों ने सितंबर में स्वीकार किया था।

जिन 20 करोड़ महिलाओं का खतना कराया गया है उनमें से चार करोड़ 40 लाख लड़कियों की आयु 14 वर्ष या उससे भी कम है। यूनीसेफ ने इस प्रथा को बाल अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन करार देते हुए कहा कि यह प्रथा जिन 30 देशों में सर्वाधिक फैली हुई है वहां अधिकतर लड़कियों का खतना उनके पांचवें जन्मदिन से पूर्व ही करा दिया जाता है।
Next Story