राष्ट्रीय

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पॉजिटिव, देखिए- कोरोना से दुनिया में किस देश में है क्या हाल

Arun Mishra
27 March 2020 11:49 AM GMT
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पॉजिटिव, देखिए- कोरोना से दुनिया में किस देश में है क्या हाल
x
दुनियाभर में सबसे ज्यादा 8215 लोगों की मौत इटली में हुई, जबकि यहां संक्रमण के 80 हजार 598 मामले सामने आए?

दुनिया के सभी 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में हैं। 5 लाख 40 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। 24 हजार 594 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 25 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनका सैम्पल गुरुवार को लिया गया था। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार को खुद जॉनसन ने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी। कह, "पिछले 24 घंटे में मुझमें कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण थे। जांच कराई तो रिजल्ट पॉजिटिव आया। मैंने खुद को आईसोलेट कर लिया है। लेकिन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सरकारी काम करता रहूंगा। हम साथ मिलकर इस जंग को जीत लेंगे।"

अमेरिका : हर दिन बढ़ता संक्रमण

अमेरिका में शुक्रवार शाम तक कुल 85,612 मामले सामने आए। 1,301 पीड़ितों की मौत हो चुकी है। इटली में 41 स्वास्थ्यकर्मियों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। 5000 से ज्यादा डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन और एंबुलेंस कर्मचारी संक्रमित हैं। यहां अब तक कोरोना के 80,589 मामले सामने आ चुके हैं और 8,215 लोगों की जान गई है। चीन की एक कंपनी ने स्पेन को घटिया क्वॉलिटी की 9 हजार टेस्ट किट भेज दीं। अब शी जिनपिंग सरकार मामले की जांच कर रही है।

चीन ने स्पेन को 9 हजार घटिया टेस्ट किट भेजीं, अब जांच

चीनी कंपनी 'शेनझेन बायोईजी बायोटेक्नोलॉजी' ने सरकार की इजाजत से स्पेन को 9 हजार टेस्ट किट बेचीं। इनकी क्वॅलिटी और रिजल्ट्स से स्पेनिश हेल्थ डिपार्टमेंट बिल्कुल संतुष्ट नहीं है। उसने कंपनी की शिकायत चीन सरकार से की। अब शी जिनपिंग सरकार ने टेस्ट किट वापस लेने और कंपनी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। दूसरी तरफ, कंपनी ने सफाई में कहा- रिजल्ट्स पर असर इसलिए पड़ा होगा क्योंकि स्पेन के मेडिकल स्टाफ ने सैम्पल कलेक्शन सही तरीके से नहीं किया होगा।

मेरिकी जंगी जहाज रूजवेल्ट पर 25 नौसैनिक संक्रमित

अमेरिकी जंगी जहाज थियोडोर रूजवेल्ट पर शुक्रवार को 25 नौसैनिक संक्रमित पाए गए। दो दिन पहले भी इस पोत पर तीन पॉजिटिव मामले सामने आए थे। अमेरिका के नौसेना मंत्री थॉमस मोडली ने कहा कि पोत पर और भी मामले हो सकते हैं। अब इस पर मौजूद सभी 5000 नौसैनिकों की जांच कराई जाएगी। हालांकि, उन्होंने संक्रमितों की संख्या नहीं बताई। पोत पर संक्रमण के बावजूद चीफ ऑफ नेवल ऑपरेशन्स माइक गिल्ड ने कहा है कि हमारा रुख आक्रामक रहेगा। हम क्षेत्र में किसी भी संकट से निपटने के लिए जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम हैं।

दक्षिण अफ्रीका तीन हफ्ते के लिए लॉकडाउन

दक्षिण अफ्रीका शुक्रवार से तीन हफ्ते के लिए लॉकडाउन कर दिया गया। सेना और पुलिस को इसे लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है। देश में जरूरी कामों के लिए छोड़कर कहीं भी आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब तक दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के 927 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। यह अफ्रीकी देशों में सबसे ज्यादा है। हालांकि इससे यहां अब तक एक भी मौत नहीं हुई है।

इटली में पिछले 1 महीने 6 दिन में 8,215 मौतें

इटली में अब तक कोरोना के 80,589 मामले सामने आ चुके हैं और 8,215 लोगों की जान गई है। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक अगोस्टिनो मिओजो ने पिछले 48 घंटे में देश में 4,492 नए मामलों की पुष्टि की है। इनमें से 33,648 आइसोलेशन में हैं और 3,612 को आईसीयू में रखा गया है। वहीं, 24,753 संक्रमितों को अस्पताल के साधारण वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक अब तक 10,361 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं। इटली में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 21 फरवरी को सामने आया था।

ऑस्ट्रेलिया ने संक्रमण रोकने के लिए नए नियम बनाए

ऑस्ट्रेलिया में कोरोना रोकथाम के लिए नए नियम बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेशनल कैबिनेट ने संक्रमण रोकने के लिए नए नियमों को मंजूरी दे दी है। यह शनिवार आधी रात से लागू होंगे। उन्होंने कहा कि कॉम्युनिटी आउटब्रेक रोकने के लिए न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया में नए प्रतिबंध लगाने की जरूरत होगी। अब विदेश से लौटने वाले लोगों को 14 दिनों तक होटलों में क्वारैंटाइन किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने इसी सप्ताह देश में दूसरे चरण के लॉकडाउन की घोषणा की थी।

तुर्की में 75 लोगों की मौत

तुर्की में गुरुवार को 16 लोगों की मौत हुई। यहां अब तक कुल 75 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, संक्रमण के मामले 3,629 हो चुके हैं और 26 संक्रमित ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री फहरेतिन कोजा ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में 7,286 लोगों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि देश में कम्युनिटी आउटब्रेक का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोग एक दूसरे को न छुएं, विदेश यात्रा से बचें और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

रूस में पिछले 24 घंटे में 196 नए मामले

रूस में पिछले 24 घंटे में 196 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 1,036 पॉजिटिव केस मिले और 1 की मौत हुई है। 45 संक्रमित ठीक हुए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा कि हमारे एक साथी को उम्मीद है कि रूस 2-3 महीने से भी कम समय में कोरोना से निपट लेगा। हालांकि,वाकई हम कब तक इस समस्या से बाहर निकल पाएंगे यह चिंता का विषय है। मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसा जल्द होगा।

सिंगापुर में सोशल डिस्टेंसिंग पालन न करने पर 6 महीने की जेल

सिंगापुर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जो भी व्यक्ति एक-दूसरे के बीच एक मीटर की दूरी नहीं रखेंगे उन्हें करीब 5 लाख10,000 सिंगापुर डॉलर (20 हजार रु.) जुर्माना और छह महीने की जेल हो सकती है। यहां संक्रमण के 683 मामलों की पुष्टि हुई है।

न्यूजीलैंड में 24 घंटे में 76 नए मामले सामने आए

शुक्रवार को न्यूजीलैंड में राष्ट्रीय लॉकडाउन का दूसरा दिन रहा। देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 76 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही देश में संक्रमित मामलों की संख्या 368 हो गई है। स्वास्थ्य निदेशक एश्ले ब्लूमफील्ड ने बताया कि अब तक देश में 12,000 लोगों की जांच हो चुकी है। 37 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं और 8 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जांच के लिए नई सुविधाएं तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में कम्युनिटी आउटब्रेक के सबूत भी मिले हैं।

Next Story