
गौतम अदानी को एक झटके में हुआ 28 हजार करोड़ का नुकसान, एलन मस्क ने गंवा दिए 9.03 बिलियन डॉलर

बीते शुक्रवार दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेज गिरावट के चलते अरबपति कारोबारी गौतम अडानी (Gautam Adani) को एक झटके में 3.50 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। अगर रुपये में आंका जाए तो यह नुकसान लगभग 28,439 करोड़ बैठता है। वहीं दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति एलन मस्क (Elon Mask) ने अपनी कुल संपत्ति में से 9.03 बिलियन डॉलर गंवा दिए हैं। अगर भारतीय रुपये के हिसाब से देखें तो यह करीब 73,373 करोड़ के बराबर है।
बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में पहले स्थान पर एलन मस्क काबिज हैं। इतने बड़े नुकसान के बाद भी उनकी संपत्ति सबसे अधिक है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, एलन मस्क की संपत्ति अभी 245 बिलियन डॉलर (19.90 लाख करोड़) है। जबकि गौतम अदानी 142 बिलियन डॉलर (11.53 लाख करोड़) के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।
दुनिया के शीर्ष 70 अरबपतियों की संपत्ति में गिरावट का कारण शुक्रवार को शेयर बाजार का टूटना था। एलन मस्क, गौतम अदानी, जेफ बेजोस सहित सभी सुपर रिच टाइकून को दुनिया भर के बाजारों में गिरावट के कारण काफी नुकसान झेलना पड़ा था। मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए फेडरल रिजर्व द्वारा बुधवार को अपनी प्रमुख ब्याज दर में लगातार तीसरी बार तीन-चौथाई की बढ़ोतरी के बाद वैश्विक बाजारों में गिरावट आई। शुक्रवार को सेंसेक्स 1,020 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ।
किसको कितना हुआ नुकसान
दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति एलोन मस्क ने को 9.03 बिलियन डॉलर (73,373 करोड़) का नुकसान हुआ। अरबपति टाइकून गौतम अडानी को 3.50 अरब डॉलर (28,439 करोड़) का नुकसान हुआ और अब उनकी संपत्ति 142 अरब डॉलर (11.53 लाख करोड़ रुपये) है। अमेज़ॅन के संस्थापक जेफ बेजोस को 3.72 बिलियन डॉलर यानी लगभग 30,227 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि लुई विटन के बॉस बर्नार्ड अरनॉल्ट ने अपनी संपत्ति में 5.75 बिलियन डॉलर (46,721 करोड़) की गिरावट देखी।
मुकेश अंबानी को कितना लॉस
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स सूची में शामिल एक अन्य भारतीय मुकेश अंबानी को 1.77 बिलियन डॉलर (14,382 करोड़) का नुकसान हुआ और वह अमीर लोगों की लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं।
रोज 1600 करोड़ कमाते हैं अदानी
आईआईएफएल वेल्थ हारुन इंडिया की 2022 लिस्ट के अनुसार अदानी सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। 11 लाख करोड़ से अधिक की कुल संपत्ति के साथ वह शीर्ष स्थान पर काबिज हैं और उसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी हैं। हारुन इंडिया की सूची में यह भी कहा गया है कि अडानी 2021 से हर रोज 1,600 करोड़ रुपये कमाते हैं।