जमशेदपुर

झारखंड विधानचुनावः दूसरे चरण की 20 सीटों पर मतदान जारी,प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से किया अनुरोध

Sujeet Kumar Gupta
7 Dec 2019 6:00 AM GMT
झारखंड विधानचुनावः दूसरे चरण की 20 सीटों पर मतदान जारी,प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से किया अनुरोध
x

झारखंड। झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 सीटों पर शनिवार सुबह मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस चरण में जमशेदपुर पूर्वी सीट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ उनकी ही सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सरयू राय चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण के मतदान में मुख्यमंत्री एवं राज्य के कई मंत्रियों सहित कुल 260 उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला होगा। इसमें 48,25,038 मतदाता मतदान करने के लिए योग्य हैं। झारखंड में दूसरे चरण के मतदान में सुबह 9 बजे तक 13.03% मतदान दर्ज किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से अनुरोध किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मदद करें। उन्होंने ट्वीट किया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आज दूसरे दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं।

चुनाव आयोग के अनुसार, जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम सीटों पर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक जबकि अन्य सीटों पर सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। 20 सीटों में से 16 अनुसूचित जनजाति और एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। राज्य में पांच चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव परिणाम 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।


Tags
Sujeet Kumar Gupta

Sujeet Kumar Gupta

    Next Story